ताजा खबर

भारतीय झंडे वाले जहाज़ पर हमले के बाद विदेश मंत्रालय ने जताया कड़ा विरोध
14-May-2026 6:23 PM
भारतीय झंडे वाले जहाज़ पर हमले के बाद विदेश मंत्रालय ने जताया कड़ा विरोध

बुधवार को ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक जहाज़ पर हुए हमले को लेकर भारत के विदेश मंत्रालय ने कड़ी आपत्ति जताई है.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने एक लिखित बयान में कहा, “कल ओमान के तट के पास भारतीय झंडे वाले एक जहाज़ पर हुआ हमला अस्वीकार्य है. हमें इस बात का खेद है कि कमर्शियल जहाज़ों और आम नाविकों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है.”

बयान में बताया गया, “जहाज़ पर मौजूद सभी भारतीय क्रू सदस्य सुरक्षित हैं, और हम उन्हें बचाने के लिए ओमान के अधिकारियों का धन्यवाद करते हैं.”

उन्होंने कहा, “भारत दोहराता है कि कमर्शियल जहाज़ों को निशाना बनाने, चालक दल के बेक़सूर सदस्यों की जान ख़तरे में डालने, या किसी भी तरह से जहाज़ों के आने-जाने और स्वतंत्र व्यापार में रुकावट डालने से बचना चाहिए.”

इस बीच पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के एडिशनल सेक्रेटरी मुकेश मंगल ने 13 मई को भारतीय जहाज़ पर हुए हमले के बारे में विस्तार से जानकारी दी है.

उन्होंने कहा, "मैं एक दुखद घटना के बारे में भी जानकारी देना चाहूँगा. लकड़ी से बने और मशीन से चलने वाला एक भारतीय जहाज़ 'हाजी अली' सोमालिया से शारजाह (संयुक्त अरब अमीरात) की अपनी यात्रा पर था.”

“इसी दौरान 13 मई, 2026 की सुबह ओमान के जलक्षेत्र में कथित तौर पर उसपर हमला किया  गया, जिसके कारण उसमें आग लग गई और बाद में वह डूब गई. उस पर सवार सभी 14 क्रू सदस्यों को ओमान कोस्ट गार्ड ने सुरक्षित बचा लिया और वे ओमान के दिब्बा बंदरगाह पहुँच गए हैं. बताया जा रहा है कि क्रू सदस्य सुरक्षित हैं." (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट