ताजा खबर

बस्तर विकास पर फोकस, साय की शाह से चर्चा
14-May-2026 4:59 PM
बस्तर विकास पर फोकस, साय की शाह से चर्चा

  पुराने सुरक्षा कैंप अब बन रहे जन सुविधा केंद्र  

 

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नई दिल्ली, 14 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर में तेजी से बदलते हालात और विकास कार्यों की जानकारी दी। बैठक में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा भी मौजूद रहे।

बैठक में विशेष रूप से “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान”और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गृह मंत्री को बताया कि जिन इलाकों में कभी एंबुलेंस पहुंचना भी मुश्किल था, वहां अब नियमित रूप से डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें पहुंच रही हैं।

उन्होंने बताया कि मेडिकल टीमें पैदल दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कर रही हैं और गंभीर बीमारियों की शुरुआती पहचान सुनिश्चित कर मरीजों का नि:शुल्क इलाज कराया जा रहा है। केवल एक महीने में 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच पूरी कर डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार की जा चुकी है। हजारों मरीजों को समय पर उपचार और उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है।

बस्तर में पुराने सुरक्षा कैंप अब केवल सुरक्षा केंद्र नहीं रह गए हैं, बल्कि उन्हें धीरे-धीरे “जन सुविधा केंद्र” में बदला जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और शासकीय योजनाओं की सुविधाएं मिल रही हैं।

इन जन सुविधा केंद्रों के जरिए दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को पहली बार बुनियादी सेवाओं तक आसान पहुंच मिल रही है। अब ग्रामीणों को इलाज, बैंकिंग, दस्तावेज या योजनाओं की जानकारी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है।

13 अप्रैल 2026 को सुकमा से शुरू किए गए “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” के तहत करीब 36 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही “बस्तर मुन्ने (लीडिंग बस्तर) अभियान” के माध्यम से 31 प्रमुख शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक शत-प्रतिशत पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।

जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल भी शुरू हो चुका है, जिससे अब बस्तरवासियों को महंगे इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर जाने की आवश्यकता कम होगी। वहीं, नेक्स्ट जनरेशन डायल-112 सेवाओं के विस्तार और पुराने सुरक्षा कैंपों को जन सुविधा केंद्रों में बदलने को बस्तर में स्थायी विकास की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो क्षेत्र कभी नक्सल प्रभाव के कारण मुख्यधारा से कटे हुए थे, वहां अब शासन और योजनाओं की पहुंच बढ़ रही है। उन्होंने सुकमा के एक अति दूरस्थ गांव के गंभीर मरीज को सैकड़ों किलोमीटर दूर इलाज के लिए पहुंचाने की हालिया घटना को इस बदलाव का उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अमित शाह को बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की भी जानकारी दी। इसमें सड़क, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश प्रोत्साहन पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर तेजी से सकारात्मक बदलाव की ओर बढ़ रहा है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बस्तर में चल रहे विकास कार्यों और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की सराहना की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 18 और 19 मई को बस्तर दौरे पर भी आ सकते हैं।


अन्य पोस्ट