ताजा खबर

सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, चुने गए विधायक दल के नेता
14-May-2026 1:11 PM
सतीशन होंगे केरल के मुख्यमंत्री, चुने गए विधायक दल के नेता

नयी दिल्ली, 14 मई । कांग्रेस की केरल इकाई के वरिष्ठ नेता वी डी सतीशन राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे।

कांग्रेस आलाकमान ने पार्टी के शीर्ष और प्रदेश इकाई के नेताओं के साथ लंबी मंत्रणा के बाद सतीशन के नाम पर मुहर लगाई।

केरल के लिए पार्टी के पर्यवेक्षकों अजय माकन और मुकुल वासनिक तथा महासचिव जयराम रमेश के साथ यहां पार्टी कार्यालय में एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कांग्रेस की केरल प्रभारी दीपा दासमुंशी ने सतीशन के नाम की घोषणा की।

उन्होंने कहा, "कांग्रेस विधायक दल की सात मई, 2026 को तिरुवनंतपुरम में बैठक हुई थी और सर्वसम्मति से कांग्रेस अध्यक्ष को केरल राज्य में विधायक दल के नए नेता के चयन के लिए अधिकृत करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी के अनुसार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष (सोनिया गांधी), लोकसभा में विपक्ष के नेता (राहुल गांधी), एआईसीसी पर्यवेक्षकों (माकन और वासनिक) के साथ व्यापक चर्चा की। सांसदों, पूर्व पीसीसी अध्यक्षों सहित राज्य के कई अन्य नेताओं से भी परामर्श किया गया।"

उन्होंने बताया कि इन सभी चर्चाओं के आधार पर, यह निर्णय लिया गया है कि वी डी सतीशन को कांग्रेस विधायक दल का नेता नियुक्त किया जाए।"

सतीशन केरल की पिछली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष थे।

सतीशन के अलावा कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला मुख्यमंत्री पद के प्रमुख दावेदारों में शामिल थे।

बीते सात मई को कांग्रेस विधायक दल की बैठक में एक प्रस्ताव पारित कर पार्टी आलाकमान को विधायक दल के नेता के चयन के लिए अधिकृत किया गया था।

केरल में हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने राज्य की कुल 140 सीट में से 102 पर जीत दर्ज की। (भाषा)


अन्य पोस्ट