ताजा खबर
बिलासपुर रेंज की समीक्षा बैठक में आईजी के निर्देश
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और लंबित मामलों के त्वरित निराकरण पर जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 मई। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राम गोपाल गर्ग ने लंबित आपराधिक मामलों और महिलाओं से जुड़े अपराधों के त्वरित निराकरण को लेकर सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि एक वर्ष से अधिक समय से लंबित मामलों को विशेष अभियान चलाकर अगले एक महीने में खत्म किया जाए और महिलाओं के खिलाफ अपराधों की जांच 60 दिनों के भीतर हर हाल में पूरी की जाए।
बुधवार को बिलासपुर रेंज कार्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में रेंज के सभी जिलों के एसएसपी और एसपी शामिल हुए। बैठक में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन, लंबित अपराधों की समीक्षा और महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में आईजी राम गोपाल गर्ग ने कहा कि हाईकोर्ट के निर्देशों का गंभीरता से पालन किया जाए। उन्होंने एक साल से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता से निपटाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। साथ ही डकैती, लूट, धोखाधड़ी, अपहरण और दुष्कर्म जैसे गंभीर अपराधों की केस-टू-केस समीक्षा राजपत्रित अधिकारियों से कराने और जल्द से जल्द चालान न्यायालय में पेश करने को कहा।
फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी बैठक में सख्त रुख अपनाया गया। आईजी ने निर्देश दिए कि सभी जिलों में फरार आरोपियों की स्थिति की नियमित समीक्षा की जाए और उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित कर न्यायालय में चालान पेश किया जाए।
महिलाओं के खिलाफ अपराधों की निगरानी के लिए लागू आईटीएसएसओ, इन्वेस्टिगेशन ट्रैकिंग सिस्टम फॉर सेक्सुअल ऑफेंस की समीक्षा के दौरान आईजी ने कहा कि 60 दिन से अधिक लंबित मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए। वहीं जो मामले अभी निर्धारित समयसीमा के भीतर हैं, उनमें लगातार साक्ष्य संकलन कर जांच समय पर पूरी की जाए ताकि पीड़िताओं को त्वरित न्याय मिल सके।
बैठक में बिलासपुर के डीआईजी एवं एसएसपी रजनेश सिंह, रायगढ़ के डीआईजी एवं एसएसपी शशिमोहन सिंह, मुंगेली एसएसपी भोजराम पटेल, कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी, जीपीएम एसपी मनोज खिलारी, सक्ती एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, जांजगीर-चांपा एसपी निवेदिता पॉल, सारंगढ़ अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमिषा पांडे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


