ताजा खबर
रकम लौटाने की मांग पर कारोबारी को दी दी जान से मारने की धमकी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 मई। शहर के व्यापार विहार क्षेत्र में निवेश पर भारी मुनाफा दिलाने का लालच देकर 3.32 करोड़ रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है। शिकायत मिलने के बाद सिविल लाइन पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार विनोबा नगर निवासी और जमीन कारोबारी विजय कुमार गुप्ता की मुलाकात वर्ष 2023 में एक जमीन सौदे के दौरान तोरवा निवासी अशोक कुमार गिडवानी से हुई थी। इसी दौरान अशोक गिडवानी और उसके बेटे मोहित गिडवानी ने अपने मनिहारी व्यवसाय में निवेश करने पर हर तीन महीने में अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाया।
शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों की बातों में आकर विजय गुप्ता ने अपने रिश्तेदारों और परिचितों के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 3.32 करोड़ रुपये निवेश कर दिए। यह रकम आरटीजीएस और बैंक चेक के जरिए भावेश ट्रेडर्स तथा गणेश किचन नोवेल्टी जैसी फर्मों के खातों में भेजी गई।
पीड़ित का आरोप है कि तय समय गुजरने के बाद भी न तो मुनाफा दिया गया और न ही मूल रकम वापस की गई। जब उन्होंने अपने पैसे लौटाने की मांग की तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देना शुरू कर दिया।
सिविल लाइन पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक गिडवानी, उसके बेटे मोहित गिडवानी और भावेश ट्रेडर्स के संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब लेनदेन से जुड़े बैंक दस्तावेजों और फर्मों की गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है।


