ताजा खबर
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की लंबी दूरी की ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 14 मई। पुरी रेलवे स्टेशन में प्लेटफॉर्म उन्नयन और अधोसंरचना सुधार कार्य के चलते कई महत्वपूर्ण यात्री ट्रेनों के परिचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के खोरधा रोड मंडल द्वारा किए जा रहे इस कार्य के कारण दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की भी कुछ ट्रेनें निर्धारित तिथि में पुरी स्टेशन तक नहीं जाएंगी और मालतीपाटपुर स्टेशन से ही संचालित होंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार 17 और 24 मई को लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से चलने वाली 12145 एलटीटी-पुरी एक्सप्रेस मालतीपाटपुर स्टेशन में समाप्त होगी। वहीं 19 और 26 मई को 12146 पुरी-एलटीटी एक्सप्रेस मालतीपाटपुर से रवाना की जाएगी।
इसी तरह 12993 गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस 15, 22 और 29 मई को मालतीपाटपुर तक ही चलेगी, जबकि वापसी में 12994 पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस 18 और 25 मई को वहीं से प्रारंभ होगी। 22973 गांधीधाम-पुरी एक्सप्रेस भी 20 और 27 मई को मालतीपाटपुर में समाप्त होगी तथा 22974 पुरी-गांधीधाम एक्सप्रेस 23 और 30 मई को मालतीपाटपुर से चलेगी।
रेलवे ने बताया कि 22909 वलसाड-पुरी एक्सप्रेस 21 और 28 मई को मालतीपाटपुर तक जाएगी, जबकि 22910 पुरी-वलसाड एक्सप्रेस 17 और 24 मई को वहीं से रवाना होगी।
इसके अलावा 20917 इंदौर-पुरी हमसफर एक्सप्रेस 19 और 26 मई को मालतीपाटपुर में समाप्त होगी तथा 20918 पुरी-इंदौर हमसफर एक्सप्रेस 21 और 28 मई को मालतीपाटपुर से चलेगी। वहीं 20471 श्रीगंगानगर-पुरी एक्सप्रेस 17 और 24 मई को मालतीपाटपुर तक ही जाएगी और 20472 पुरी-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस 20 और 27 मई को वहीं से प्रारंभ होगी।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और उसी अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।


