ताजा खबर

पंजाब से पहुंच रही थी हेरोइन की खेप, स्टेशन के पास 5 तस्कर गिरफ्तार
14-May-2026 11:33 AM
पंजाब से पहुंच रही थी हेरोइन की खेप, स्टेशन के पास 5 तस्कर गिरफ्तार

97 ग्राम से अधिक हेरोइन, नकदी और वाहन जब्त

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 14 मई। बिलासपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब से छत्तीसगढ़ लाई जा रही हेरोइन की खेप पकड़ ली है। तोरवा थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के पास कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो तस्कर पंजाब के अमृतसर से जुड़े बताए जा रहे हैं, जबकि तीन आरोपी मुंगेली जिले के निवासी हैं, जो नशीले पदार्थ की खरीद के लिए पहुंचे थे।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन क्षेत्र में एक आल्टो कार में बैठकर हेरोइन बेचने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही निरीक्षक निलेश पांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर संदिग्ध वाहन की जांच की।

कार में मौजूद लोगों से पूछताछ के दौरान उनके जवाब संदिग्ध लगे। तलाशी लेने पर वाहन में रखे बैग से प्रतिबंधित मादक पदार्थ हेरोइन से भरी शीशी बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कुल 97.63 ग्राम हेरोइन जब्त की, जिसकी कीमत करीब 5.38 लाख रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों में अमृतसर निवासी जितेंद्र सिंह रंधावा और जगदीप सिंह शामिल हैं। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि वे पंजाब से हेरोइन लेकर बिलासपुर पहुंचे थे। वहीं मुंगेली निवासी शेख अल्ताफ उर्फ लल्ला, अमित कुमार दाहिरे और अवि पाठक इस नशीले पदार्थ को खरीदने पहुंचे थे।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आल्टो कार, एक स्कूटी, पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 57,800 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21बी, 22बी और 29 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस पता लगाने में जुटी है कि हेरोइन की सप्लाई छत्तीसगढ़ के किन-किन जिलों में की जा रही थी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं।


अन्य पोस्ट