ताजा खबर
ब्रिक्स देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए भारत आए रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि भारत और रूस के बीच दूरियां असंभव है. इसकी कल्पना भी नहीं की जा सकती.
उन्होंने कहा कि भारत और रूस के रिश्ते को किसी एक शब्द में ज़ाहिर करना मुश्किल है.
पत्रकारों ने उनसे पूछा कि अगर भारत और रूस के रिश्तों को एक शब्द में परिभाषित करने के लिए कहा जाए तो आप क्या कहेंगे?
उनसे ये भी पूछा गया कि भारत और रूस में अलगाव हुआ तो दुनिया को क्या नुक़सान होगा. और अगर एक साथ रहें तो दुनिया को क्या फ़ायदा होगा.
इन सवालों पर उन्होंने कहा, ''इस रिश्ते की व्याख्या एक वाक्य में नहीं हो सकती. ऐसा नहीं है कि मनुष्य की भाषा में इस रिश्ते को परिभाषित करने के लिए पर्याप्त शब्द नहीं हैं. लेकिन ऐसे मज़बूत रिश्ते के बारे में इस तरह की कल्पना करना भी कठिन है. दोनों के अलग होने की कल्पना करना भी कठिन है.''
उन्होंने कहा, ''हिंदी-रूसी भाई-भाई कोई फ़न स्लोगन नहीं है. ये हमारी संस्कृति का हिस्सा बन गया है. हिंदी फ़िल्में, राज कपूर रूस में बेहद लोकप्रिय हैं. हाल में भारत की फ़िल्में और सिरीज़ भी रूस में काफी लोकप्रिय हैं.'
''जहां तक आर्थिक मोर्चे की बात है तो एनर्जी, न्यूक्लियर एनर्जी और डिफेंस में साझा उत्पादन में सहयोग बढ़ रहा है. सांस्कृतिक आदान-प्रदान जारी है. एक देश से दूसरे देश में लोगों का आना-जाना बढ़ा है.'' (bbc.com/hindi)


