ताजा खबर
युवक को अम्बेडकर में मिली नई जिंदगी, फेफड़े का संक्रमित हिस्सा काटकर निकाला
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 13 मई । अम्बेडकर स्मृति चिकित्सालय, रायपुर के हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जरी विभाग ने एक अत्यंत जटिल एवं जीवनरक्षक सर्जरी कर 25 वर्षीय युवक की जान बचाने में सफलता प्राप्त की है। मरीज लंबे समय से खांसी के साथ खून आने की गंभीर समस्या से पीड़ित था। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी थी कि प्रत्येक बार खांसने पर लगभग 50 से 70 एमएल तक खून निकल रहा था। डॉक्टरों के अनुसार यदि समय रहते ऑपरेशन नहीं किया जाता तो अत्यधिक रक्तस्राव के कारण मरीज की जान भी जा सकती थी।
विभागाध्यक्ष डॉ. कृष्णकांत साहू ने बताया कि अभनपुर के पास चटौद निवासी 25 वर्षीय युवक को पिछले लगभग 10 वर्षों से खांसी के साथ बलगम में खून आने की शिकायत थी। प्रारंभ में यह समस्या कम थी, लेकिन पिछले एक माह से लगातार बढ़ रही थी। पिछले कुछ दिनों में स्थिति और गंभीर हो गई तथा हर बार खांसने पर अत्यधिक मात्रा में खून आने लगा। उसकी जांच के दौरान मरीज का सीटी स्कैन कराया गया, जिसमें दाएं फेफड़े के निचले हिस्से (लोअर लोब) में बड़ी कैविटी बनने एवं उसमें एस्परजिलोमा नामक फंगल संक्रमण होने की पुष्टि हुई। यह बीमारी सामान्यतः टीबी से पीड़ित मरीजों में देखने को मिलती है।
सीटी स्कैन रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद डॉ. साहू ने बताया कि मरीज की जान बचाने के लिए तत्काल ऑपरेशन आवश्यक था। यह ऑपरेशन अत्यंत जटिल एवं हाई-रिस्क सर्जरी की श्रेणी में आता है।परिजनों की सहमति मिलने के बाद मरीज का अगले ही दिन आपातकालीन ऑपरेशन किया गया। सर्जरी के दौरान अत्याधुनिक लंग स्टेपलर गन तकनीक का उपयोग किया गया, जिससे ऑपरेशन के बाद एयर लीक जैसी जटिलताओं की संभावना कम हो सके। सफल सर्जरी के बाद मरीज की स्थिति में तेजी से सुधार हुआ और कुछ दिनों बाद उसे पूर्णतः स्वस्थ होने पर अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया। यह संपूर्ण उपचार आयुष्मान योजना के अंतर्गत निशुल्क किया गया।
महाविद्यालय के डीन डॉ. विवेक चौधरी अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने पूरी टीम को बधाई दी।
ऑपरेशन टीम
हार्ट, चेस्ट एवं वैस्कुलर सर्जन - डॉ. कृष्णकांत साहू (विभागाध्यक्ष)
कार्डियक एनेस्थेटिस्ट- डॉ. संकल्प दीवान, डॉ. बालस्वरूप साहू
रेजिडेंट डॉक्टर- डॉ. मोहिता मित्तल
ओटी टेक्नीशियन - भूपेन्द्र, नरेन्द्र, हरीश, निराकार
नर्सिंग स्टाफ- राजेन्द्र, चोवा, दुष्यंत, मुनेश, नूतन, शीबा।


