ताजा खबर
दो दिवसीय दौरे पर आ रहे
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 13 मई। डाक विभाग के महानिदेशक जितेंद्र गुप्ता दो दिन के दौरे पर आज रात रायपुर आ रहे। श्री गुप्ता कल गुरुवार को 2 बजे जयस्तंभ चौक स्थित सीपीएमजी कार्यालय में बिजनेस मीटिंग लेंगे। इसके बाद 15 मई को बस्तर डाक संभाग के दौरे पर जगदलपुर जाएंगे। जहां वे राज्य सरकार के साथ बिज़नेस से रिलेटेड टाईअप प्रोग्राम में शामिल होंगे। श्री गुप्ता 16 मई को 11 बजे वापस दिल्ली लौट जायेंगे।
बीते दो दशक में किसी महानिदेशक का यह पहला दौरा बताया गया है।
परिमंडल और रायपुर संभागीय अमला महानिदेशक के दौरे में होने वाली अधिकारिक बैठकों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री गुप्ता, सीपीएमजी कार्यालय में पोस्टल बिजनेस को लेकर बीते 3-5 वर्ष की समीक्षा करेंगे। इनमें स्पीड पोस्ट, डाक जीवन बीमा, बचत बैंक, पोस्ट पेमेंट बैंक का कारोबार शामिल है।
हाल में सचिव डाक ने दिल्ली में सीपीएमजी की बैठक में कुछ निर्देश दिए थे। गुप्ता इसकी भी कंप्लायंस की जानकारी लेंगे। महानिदेशक का दौरा ऐसे समय हो रहा है जब विभाग रविवि उपडाकघर बचत बैंक घोटाले में उपभोक्ता आयोग के भुगतान आदेश, दंतेवाड़ा रिश्वत कांड और प्रदेश के अन्य जिलों के डाकघरों
में गबन के मामलों से जूझ रहा है। समझा जा रहा है कि इन्हीं मामलों के प्रकाश में डीजी, सर्किल रिव्यू के लिए आ रहे हैं। श्री गुप्ता डीजी बनने से पहले मप्र में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल रह चुके हैं। इस, नाते भी वे छत्तीसगढ़ परिमंडल की कार्यप्रणाली से परिचित रहे हैं। वहीं परिमंडल के कर्मचारी संघ के प्रतिनिधि भी डीजी से मिलकर अपनी समस्या मांगे रखेंगे। हालांकि अब तक उनके शेड्यूल में ऐसा कोई मेल मुलाकात जुड़ा नहीं है।


