ताजा खबर

लक्ष्य ज्वेलर्स चोरी कांड में फरार दूसरे नाबालिग ने आत्महत्या कर ली
12-May-2026 10:25 PM
लक्ष्य ज्वेलर्स चोरी कांड  में फरार दूसरे नाबालिग ने आत्महत्या कर ली

पुलिस ने अधिकृत बयान में भी फरार बताया 

रायपुर, 12 मई। लक्ष्य ज्वेलर्स चोरी कांड  में फरार चल रहे दूसरे नाबालिग आरोपी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे अपनी  गिरफ्तारी से डर था।घटना के बाद पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर जांच में जुट गई है।
 आज शाम जारी प्रेस विज्ञप्ति में पुलिस ने इसकी जानकारी न दे उसके फरार होने की बात कही है।

जानकारी के मुताबिक, हाल ही में लक्ष्य ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपए की चोरी के मामले में पुलिस ने एक नाबालिग को पहले ही हिरासत में लिया था, जबकि दूसरा नाबालिग आरोपी फरार था। उसकी तलाश में क्राइम ब्रांच और थाना पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी बीच सोमवार को सूचना मिली कि फरार नाबालिग आरोपी ने अपने ही घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है।

 बताया जा रहा है कि घर पर पुलिस द्वारा ताला लगाया गया था, लेकिन नाबालिग छज्जे के रास्ते अंदर पहुंचा और कमरे में फांसी लगा ली। जब परिजनों और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी मिली, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। सूचना पर रायपुर पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीसीपी नॉर्थ, क्राइम ब्रांच और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया।फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट