ताजा खबर
रायपुर, 12 मई। महाराष्ट्र मंडल के 90 साल के इतिहास में सर्वाधिक सफल नाटकों में से एक ‘मैं अनिकेत हूं’ का रायपुर शहर में तीसरी बार मंचन शुक्रवार, 15 मई को मंडल में संत ज्ञानेश्वर सभागृह के कुमुदिनी वरवंडकर रंगमंच पर होने जा रहा है।
सस्पेंस और थ्रीलर का अहसास कराने वाला यह मजेदार हिंदी नाटक अपने कंटेंट, संवाद अदायगी के साथ कहानी के कारण न केवल सुपर हिट है, बल्कि आपको लंबे समय तक याद रहेगा।
यही कारण है कि 4 अक्टूबर को महाराष्ट्र मंडल में पहले प्रयोग के साथ आज तक इस नाटक के पांच प्रयोग, एम्स रायपुर, बालाघाट (मध्य प्रदेश), धमतरी, कोरबा में हो चुके हैं। अब शुक्रवार को रायपुर और अगले ही दिन शनिवार, 16 मई को राउरकेला (ओडिशा) में इसका मंचन किया जाएगा। जिसने भी ‘मैं अनिकेत हूं’ देखा, वो इस नाटक का प्रशंसक बनकर रह गया। करीब 80 मिनट के इस नाटक को देखने के लिए आप सपरिवार व समीपस्थ मित्रों के साथ शुक्रवार 15 मई को शाम 6:30 बजे जरूर पहुंचे।


