ताजा खबर
अभिनेता से नेता बने कमल हासन ने नीट परीक्षा के पेपर लीक होने पर सवाल खड़े किए हैं.
राज्यसभा सांसद कमल हासन ने एक्स पर लिखा, ''नीट की प्रवेश परीक्षा के लिए दिन-रात पढ़ाई करने वाले 22 लाख छात्रों की कड़ी मेहनत और उनके सपने आपराधिक साजिशों के कारण चकनाचूर हो गए हैं. इस मानसिक पीड़ा की ज़िम्मेदारी कौन लेगा?''
''आज तक, मुझे एक भी ऐसी नीट की परीक्षा याद नहीं आती, जो धांधली के आरोपों के बिना आयोजित हुई हो, इसलिए हम शिक्षा को वापस 'राज्य सूची' में लाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं. भारतीय छात्रों को इस अन्यायपूर्ण नीट परीक्षा और इसके पीछे सक्रिय माफ़िया से सुरक्षित रखा जाना चाहिए.''
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित हुई नीट 2026 की परीक्षा को पेपर लीक की ख़बरों के बीच रद्द कर दिया है. एनटीए ने कहा है कि केंद्र सरकार की मंज़ूरी के बाद परीक्षा रद्द की गई है.
एनटीए ने कहा है कि इस परीक्षा को दोबारा आयोजित करवाया जाएगा.
एनटीए ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "भारत सरकार ने इस मामले को पूरी जांच के लिए सेंट्रल ब्यूरो ऑफ़ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) को सौंपने का फ़ैसला किया है. एनटीए इस जांच में पूरा सहयोग करेगी और सभी ज़रूरी दस्तावेज़ और जानकारी उपलब्ध कराएगी." (bbc.com/hindi)


