ताजा खबर
भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामान मिले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
नारायणपुर, 12 मई। नारायणपुर पुलिस ने आज माड़ बचाओ अभियान के तहत चलाए गए संयुक्त अभियान में एक करोड़ नकदी, हथियार, गोला-बारूद और अन्य सामग्री बरामद की है। अभियान में डीआरजी, एसटीएफ, आईटीबीपी और बीएसएफ के जवान शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक रोबिनसन गुडिय़ा ने बताया कि संयुक्त कार्रवाई में 1 करोड़ 1 लाख 64 हजार नगद बरामद किए गए। साथ ही विभिन्न प्रकार के हथियार, गोला-बारूद, विस्फोटक सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और अन्य सामग्री जब्त की गई। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में अब तक जिले में कुल 270 हथियार बरामद किए जा चुके हैं।
पुलिस के अनुसार पिछले एक महीने से सुदूर और संवेदनशील क्षेत्रों में सर्चिंग और एरिया डोमिनेशन अभियान चलाया जा रहा था। ग्रामीणों से मिली सूचना और आसूचना तंत्र के आधार पर विभिन्न स्थानों पर नक्सलियों की छिपाकर रखी गई सामग्री बरामद की गई।

बरामद सामान में एके-47 रायफल- 3, एसएलआर रायफल- 3, .303 रायफल- 2, .315 रायफल- 1, 12 बोर बंदूक- 2, देशी कट्टा - 2, एयर गन- 1, एके-47 के 113 कारतूस, एसएलआर के 182 कारतूस, .303 रायफल के 45 कारतूस, .315 रायफल के 41 कारतूस, 12 बोर के 19 कारतूस, बीजीएल सेल - 132, इलेक्ट्रॉनिक डेटोनेटर-8, कॉर्डेक्स वायर - 6 बंडल, वॉकी-टॉकी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री है।
पुलिस के अनुसार कार्रवाई से नक्सली गतिविधियों से जुड़ी लॉजिस्टिक और हथियार आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित हुई है।
नारायणपुर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि संदिग्ध वस्तुओं या गतिविधियों की जानकारी पुलिस और सुरक्षा बलों को दें।


