ताजा खबर

रायपुर में अंधड़ के साथ बारिश, कल मैच पर भी साया गहराया
09-May-2026 8:35 PM
रायपुर में अंधड़ के साथ बारिश, कल मैच पर भी साया गहराया

आईपीएल के अगले दोनों मैचों पर अंधड़ बारिश का पूर्वानुमान 

रायपुर, 9 मई। शुक्रवार की तरह शनिवार भी पेंड्रा से लेकर राजनांदगांव तक आंधी बादल बारिश के साथ रात हुई। बिलासपुर मे तेज हवा के साथ बारिश हुई । रायपुर में भी गरज चमक के साथ दो चरणों में घंटे भर से अधिक अच्छी खासी बारिश हुई। उधर राजनांदगांव में तेज बारिश, हवा भी तेज चली। 

इस बारिश ने कल होने वाले आईपीएल मैच के निर्बाध आयोजन पर संदेह के बादल गहरा ग‌ए हैं। आयोजकों के भी हाथ पैर फूल गए हैं।  मौसम विभाग के अनुसार 15 म‌ई तक रायपुर और आसपास शाम 4- 7 बजे के दरम्यान 30-40 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। वहीं हल्की बारिश भी होगी। इस वजह से तापमान में 2-3 डिग्री की घट बढ़ बनी रहेगी। फिर भी पिछले सप्ताह की तुलना में तापमान में काफी गिरावट आ गई है।

शनिवार को दोपहर प्रदेश में तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है। दोपहर ढाई बजे दर्ज तापमान के अनुसार अंबिकापुर में 35-2, बिलासपुर में 37-6, पेंड्रा में 30.8,रायपुर में 38.2,और जगदलपुर में 34-4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं कल के पूर्वानुमान के अनुसार एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण पूर्वी मध्य प्रदेश और उसके आसपास 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 

एक द्रोणिका पूर्वी राजस्थान से पूर्वी झारखंड तक छत्तीसगढ़ होते हुए 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। 

प्रदेश में कल  10 मई को एक दो स्थानों पर हल्की वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने और एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ अंधड़ चलने तथा वज्रपात होने की संभावना है। 
प्रदेश में अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है किंतु हल्की वृद्धि संभावित है।


अन्य पोस्ट