ताजा खबर

VIDEO: मितानिन के घर से देसी बम बनाने की सामग्री मिली, इलाके में हड़कंप
07-May-2026 12:24 PM
VIDEO: मितानिन के घर से देसी बम बनाने की सामग्री मिली, इलाके में हड़कंप

कोई परिचित कल शाम छोड़ गया था 

रायपुर, 7 मई। राजधानी  के बीरगांव के रावाभाठा वार्ड नंबर 13 स्थित एक घर में देसी बम बनाने में इस्तेमाल होने वाला संदिग्ध सामान, तार और अन्य सामग्री मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पहुंची रायपुर नार्थ थाना पुलिस और बम स्क्वॉड की टीम ने मेटल डिटेक्टर जैसे उपकरणों के साथ जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मकान समेत आसपास के पूरे इलाके को घेर कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर मौजूद लोगों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है। 

यह सामग्री एक स्वास्थ्य मितानिन के घर मिली। मिली जानकारी अनुसार मितानिन का एक परिचित जमीन दलाल कल शाम उसके घर आया था और उसने एक बैग रख कर बाद में आकर ले जाने की बात कहकर चला गया। आज सुबह मितानिन ने जब घर की रोजाना झाड़ू पोछा के समय बैग को सरकाने की कोशिश की तो वह नहीं हटा पाई। बैग काफी वज़नी था। उसने बैग का मुंह खोलकर देखा तो उसमें कांच की चपटी शीशियां, उससे अटैच तार निकले हुए थे। साथ ही कुछ पावडर, पिस्टल जैसा सामान रखें हुए थे। मितानिन ने पार्षद अश्विनी को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पार्षद ने भी बैग खोलकर देखा और फिर खमतराई पुलिस को सूचना दी। 

प्रारंभिक जांच में देसी बम बनाने से जुड़ी सामग्री मिलने की बात सामने आ रही है।  पुलिस  यह पता लगाने में जुटी है कि कहीं राजधानी में किसी बड़ी साजिश की तैयारी तो नहीं की जा रही थी। पुलिस ने मितानिन के परिचित को तलब कर पूछताछ कर रही है।


अन्य पोस्ट