ताजा खबर
हंटावायरस की चपेट में आए एमवी होंडियस जहाज पर सवार यात्रियों को स्पेन, कैनेरी आइलैंड्स के अपने केंद्रों में रखेगा. मंगलवार, 5 मई की देर शाम स्पेन के यह जानकारी दी है. हंटावायरस का पता चलने के बाद यह क्रूज जहाज दो दिनों से केप वेर्डे के तट के पास खड़ा है. इस वायरस से अब तक तीन यात्रियों की मौत हो चुकी है और कई अन्य यात्रियों के संक्रमित होने की आशंका है. अब इस जहाज को कैनेरी आइलैंड्स में लंगर डालने की अनुमति दी जाएगी.
स्पेन के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, "वहां पहुंचने पर, चालक दल और यात्रियों की ठीक से जांच की जाएगी, उनकी देखभाल की जाएगी और उन्हें उनके संबंधित देशों में भेज दिया जाएगा." स्पेन ने कहा कि उसने यह फैसला "अंतरराष्ट्रीय कानून और मानवीय सिद्धांतों के अनुसार" लिया है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा, "विश्व स्वास्थ्य संगठन ने बताया है कि केप वेर्डे इस मिशन को पूरा करने में असमर्थ है. कैनेरी द्वीप सभी जरूरी सुविधाओं वाली सबसे करीबी जगह है. स्पेन का इन लोगों की मदद करना एक नैतिक और कानूनी फर्ज है, जिनमें कई स्पेनिश नागरिक भी शामिल हैं." (dw.com/hi)


