ताजा खबर

पंजाब में हुए धमाकों को लेकर पुलिस और भगवंत मान के अलग-अलग दावे
07-May-2026 11:31 AM
पंजाब में हुए धमाकों को लेकर पुलिस और भगवंत मान के अलग-अलग दावे

पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने अमृतसर और जालंधर में हुए धमाकों के पीछे पाकिस्तान का हाथ होने की आशंका जताई है. उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, “अभी तक किसी समूह ने इस घटना की जिम्मेदारी नहीं ली है लेकिन हम मान रहे हैं कि ऑपरेशन सिंदूर की सालगिरह करीब आ रही है इसलिए यह पंजाब में व्यवधान लाने के लिए पाकिस्तान की (खुफिया एजेंसी) आईएसआई के डिजाइन का हिस्सा है.”

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इन धमाकों के लिए बीजेपी को दोषी ठहराया है. उन्होंने रिपोर्टरों से बात करते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में जीत के बाद बीजेपी ने पंजाब को अपना अगला लक्ष्य घोषित किया है. उन्होंने कहा, “ये जो बम धमाके हुए हैं, ये बीजेपी की पंजाब चुनाव की तैयारी है. वे ऐसे ही हिंसा फैलाकर, लोगों को डरा-धमकाकर वोट लेते हैं. मैं बीजेपी वालों से कहता हूं कि वे इन हरकतों से बाज आ जाएं.”

बीजेपी ने भगवंत मान के बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज करवाई है. बीजेपी प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि बिना किसी जांच रिपोर्ट के राजनीतिक फायदे के लिए भगवंत मान द्वारा ऐसा बयान देना निंदनीय है. संबित पात्रा ने पंजाब के डीजीपी गौरव यादव के बयान का हवाला देते हुए कहा कि इस घटना में “आईएसआई का हाथ संभव है” और जांच अभी चल रही है. उन्होंने भगवंत मान के बयान को “देश को तोड़ने वाला” बताया है.  (dw.com/hi)


अन्य पोस्ट