ताजा खबर
-सीटू तिवारी
बिहार के गोपालगंज ज़िले में एक समारोह में ''अश्लील डांस'' के साथ ही प्रतिबंधित और लाइसेंसी हथियारों के अवैध प्रदर्शन के मामले में मोकामा से जेडीयू विधायक अनंत सिंह के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
यह घटना 2 और 3 मई की दरमियानी रात की है.
गोपालगंज के सेमराव गांव में एक उपनयन संस्कार का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसमें अनंत सिंह दिख रहे हैं और उनके साथ उनके समर्थक भी हैं.
गोपालगंज के मीरगंज थाने में दर्ज एफ़आईआर के मुताबिक़, ''कार्यक्रम में खुलेआम एक महिला अश्लील नृत्य कर रही थी और प्रतिबंधित एवं लाइसेंसी हथियारों का अवैध प्रदर्शन किया जा रहा था.''
एफ़आईआर गोपालगंज ज़िला फ़ॉरेंसिक साइंस यूनिट में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक नवीन कुमार ने दर्ज कराई है.
इस एफ़आईआर में लिखा है, “भीड़ में शामिल एक व्यक्ति के पास एके-पैटर्न (प्रतिबंधित बोर) की राइफ़ल है, जिसकी बैरल साफ दिखाई दे रही है. साथ ही अन्य लोगों की तरफ से लाइसेंसी हथियारों को लहराकर आम जनता में दहशत और भय पैदा करने का प्रयास किया जा रहा है.”
वहीं अनंत सिंह ने इस एफ़आईआर पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ''ये गलत है. हम पर बेवजह कार्रवाई की जा रही है. मैंने कोई कानून नहीं तोड़ा है. प्रोग्राम में लोग इंजॉय करते हैं. हमने किसी का कुछ बिगाड़ा होता, किसी पर गोली चलवा देते तो गलत होता. हम जब गए तो वहां स्थानीय थाने वाले मौजूद थे, लेकिन किसी ने आपत्ति नहीं जताई.''
अनंत सिंह ने बुधवार को पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि वो शाम 7 बजे से साढ़े दस बजे तक कार्यक्रम में थे. उनका हथियार लहराने वाले व्यक्तियों से कोई संबंध नहीं है. (bbc.com/hindi)


