ताजा खबर

विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की, सरकार बनाने का दावा पेश किया
06-May-2026 9:40 PM
विजय ने तमिलनाडु के राज्यपाल से मुलाकात की, सरकार बनाने का दावा पेश किया

चेन्नई, 6 मई। टीवीके प्रमुख विजय ने बुधवार को तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात कर राज्य में सरकार बनाने का दावा पेश किया। यह कदम उनकी पार्टी के दो दिन पहले हुए चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने के बावजूद साधारण बहुमत से पीछे रहने के बाद आया है।

टीवीके संस्थापक ने दोपहर 3:15 बजे लोक भवन के निमंत्रण पर राज्यपाल से मुलाकात की। इस दौरान उनके साथ पार्टी के कई नेता मौजूद थे, जिनमें ‘बुस्सी’ एन आनंद, आधव अर्जुन, के ए सेंगोत्तयैन, सी टी निर्मल कुमार और अन्य शामिल हैं।

विजय ने यह मुलाकात कांग्रेस पार्टी द्वारा समर्थन देने की घोषणा के कुछ घंटों बाद की। इससे पहले टीवीके प्रमुख और कांग्रेस नेताओं के बीच भी बैठक हुई थी।

हालांकि टीवीके, वीसीके और दो अन्य वामपंथी दलों का समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब तक उनकी ओर से कोई सकारात्मक संकेत नहीं मिला है। ये सभी दल द्रमुक गठबंधन का हिस्सा हैं।

हाल ही में हुए चुनावों में टीवीके ने 234 सदस्यीय तमिलनाडु विधानसभा में 108 सीटें जीती हैं, जबकि सरकार बनाने के लिए 118 सीटों का आंकड़ा आवश्यक है।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, विजय 7 मई को मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।

चुनाव परिणामों के अनुसार, द्रमुक 59, अन्नानद्रमुक को 47, कांग्रेस को पांच, पीएमके को चार, आईयूएमएल, भाकपा, माकपा एवं वीसीके को दो-दो सीटें मिली हैं। वहीं भाजपा, डीएमडीके और एएमएमके को एक-एक सीट प्राप्त हुई। (भाषा)


अन्य पोस्ट