ताजा खबर

रामभद्राचार्य का बड़ा बयान- 370 सीटें दिला दे, एक मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे
06-May-2026 8:54 PM
रामभद्राचार्य का बड़ा बयान- 370 सीटें दिला दे, एक मिनट में हिन्दू राष्ट्र बना देंगे

रायपुर, 6 मई। शिवरीनारायण में रामकथा के समापन के बाद जगदगुरु स्वामी रामभद्राचार्य मंगलवार देर शाम राजधानी  पहुंचे। धरमपुर नकटी स्थित राघवायनम फार्म हाउस में उन्होंने भक्तों को दर्शन और आशीर्वाद दिये। 

स्वामी रामभद्राचार्य ने अपने संबोधन में छत्तीसगढ़ से अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि वे वर्ष 1978 से यहां आ रहे हैं और राज्य स्थापना दिवस के दिन भी वे छत्तीसगढ़ में ही मौजूद थे, दूधाधारी मठ में रामकथा कर रहे थे। उन्होंने प्रदेशवासियों को भरपूर आशीर्वाद देते हुए रामभक्ति के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

जब एक पत्रकार ने छत्तीसगढ़ को भगवान राम का ननिहाल कहलाता है कहा..., तो स्वामी जी ने तुरंत सुधार करते हुए कहा कि कहलाता नहीं, है। उन्होंने बताया कि यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर कोसला नामक स्थान है, जहां माता कौशल्या का जन्म हुआ था। छत्तीसगढ़ श्रीराम जी का ननिहाल है और वे यहां के भांजे हैं।

राजनीतिक विषयों पर भी स्वामी जी ने अपने विचार व्यक्त किए। पश्चिम बंगाल में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि यह सकारात्मक संकेत है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के गंगोत्री से गंगासागर तक विस्तार का सपना अब पूरा होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने वादों को पूरा करेगी।

हिन्दू राष्ट्र के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यदि देशवासी संसद में 370 सीटें दे दें, तो एक मिनट में हिन्दू राष्ट्र बनाया जा सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि हिन्दू राष्ट्र बनना चाहिए और भविष्य में इसके संकेत भी नजर आ रहे हैं।

धर्मांतरण के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस विषय पर उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से चर्चा की है और सरकार इस पर कठोर कानून लाकर रोकथाम के लिए कार्य कर रही है।

अखंड भारत के विषय में उन्होंने स्पष्ट कहा कि वे पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर को भारत में शामिल होते देखना चाहते हैं और इसके लिए वे नियमित रूप से यज्ञ कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया है कि भविष्य में बलूचिस्तान और सिंध भी भारत का हिस्सा बनेंगे।

आपको बता दें कि छत्तीसगढ़ की पावन धरा पर मां शबरी की नगरी शिवरीनारायण स्थित राम मिलेंगे आश्रम में 9 दिवसीय रामकथा का भव्य आयोजन हुआ। 27 अप्रैल से 5 मई तक चले इस धार्मिक आयोजन में देशभर से श्रद्धालु पहुंचे और भगवान श्रीराम की कथा सुना।

इस कार्यक्रम में सीएम  विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, अनुज शर्मा सहित प्रदेश के कई मंत्री और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।


अन्य पोस्ट