ताजा खबर

कोविड-19 की वैक्सीन बनाने वाली कंपनी में छंटनी, कई उत्पादन केंद्र बंद करेगी
06-May-2026 10:34 AM
कोविड-19 की वैक्सीन बनाने वाली कंपनी में छंटनी, कई उत्पादन केंद्र बंद करेगी

जर्मन वैक्सीन निर्माता कंपनी बायोएनटेक अब कई उत्पादन केंद्रों को बंद करने की योजना बना रही है. फाइजर के साथ मिलकर कोविड-19 वैक्सीन बनाने वाली बायोएनटेक के इस कदम से करीब 1,860 नौकरियां जा सकती हैं. जर्मनी के माइंत्स शहर की इस कंपनी ने मंगलवार, 5 मई को इन कटौतियों की जानकारी दी और इसके लिए जरूरत से ज्यादा क्षमता और खर्चे घटाने के उपायों को वजह बताया. बायोएनटेक ने हाल ही में एक प्रतिद्वंद्वी कंपनी क्योरवैक को खरीदा था. नया फैसला उस कंपनी से जुड़ी सुविधाओं पर भी लागू होगा.

जर्मनी के इडार-ओबरश्टाइन, मारबुर्ग और ट्यूबिंगन में मौजूद कंपनी के परिसरों को 2027 के आखिर तक बंद किया जाएगा. वहीं, सिंगापुर के कंपनी सेंटर को 2027 की पहली तिमाही तक बंद किया जाएगा. यह घोषणा कोविड-19 वैक्सीन से होने वाली कमाई में आ रही गिरावट के बीच की गई है.

इस साल की पहली तिमाही में, बायोएनटेक ने 11.81 करोड़ यूरो की कमाई दर्ज की, जो एक साल पहले के 18.28 करोड़ यूरो से कम है. इसकी मुख्य वजह वैक्सीन की बिक्री में आई कमी है. बायोएनटेक ग्रुप ने 2025 में कुल एक अरब यूरो का घाटा दिखाया है, जिससे गिरती आमदनी और रिसर्च के बढ़ते खर्चों के को साफ तौर पर देखा जा सकता है. फिलहाल कंपनी 2026-27 के वैक्सीन सीजन के लिए नए वेरिएंट के हिसाब से तैयार की गई कोविड-19 वैक्सीन बना रही है.  (dw.com/hi)

 

 

 


अन्य पोस्ट