ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 मई। शहर के एक निजी संकल्प अस्पताल में ड्यूटी के दौरान हुए हादसे में महिला सुरक्षा गार्ड की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना के विरोध में मंगलवार को अस्पताल के सामने शव रखकर चक्काजाम किया गया और प्रबंधन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हुआ।
जानकारी के मुताबिक, मृतका अनीशा पिछले दो वर्षों से संकल्प अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत थी। दो दिन पहले ड्यूटी के दौरान वह परिसर में लगे जनरेटर में डीजल भरने गई थी। इसी दौरान उसका दुपट्टा जनरेटर की बेल्ट में फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया गया और हादसे के बाद भी प्रबंधन ने संवेदनशीलता नहीं दिखाई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि मामले को दबाने का प्रयास किया जा रहा है और उचित मुआवजा देने से बचा जा रहा है।
नाराज परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को अस्पताल के सामने सड़क पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया। प्रदर्शनकारियों ने मृतका के परिवार को मुआवजा, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने की कोशिश की, हालांकि वे ठोस आश्वासन मिलने तक प्रदर्शन जारी रखने पर अड़े रहे। मामले की जांच जारी है।


