ताजा खबर

ममता बनर्जी के इस्तीफ़ा न देने वाले बयान पर बीजेपी ने क्या कहा
05-May-2026 6:45 PM
ममता बनर्जी के इस्तीफ़ा न देने वाले बयान पर बीजेपी ने क्या कहा

पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने ममता बनर्जी के इस्तीफा न देने वाले बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

बीजेपी के प्रवक्ता देबजीत सरकार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जैसी बातें वो बोल रही हैं, उनसे वो खुद को ही हास्यास्पद बना रही हैं. वो कुछ दिनों तक प्रचार की रोशनी में रहना चाहती हैं, इसलिए वो ऐसी बातें कर रही हैं. इस तरह की हास्यास्पद बातों का कोई उत्तर भारतीय जनता पार्टी या संविधान में विश्वास करने वाली कोई पार्टी नहीं दे सकती."

उन्होंने कहा, "संवैधानिक प्रक्रिया में विश्वास करने वाला कोई भी व्यक्ति ऐसी बात नहीं कर सकता है."

इससे पहले तृणमूल कांग्रेस की हार पर ममता बनर्जी ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में बीजेपी पर बेईमानी से चुनाव जीतने का आरोप लगाया.

उन्होंने इस्तीफा देने के सवाल पर कहा, "क्यों, मैं क्यों जाऊंगी. हम तो हारे नहीं हैं कि जाएंगे. हार का सबूत देते तो इस्तीफा देते. जबरदस्ती करके कोई बोले कि इस्तीफा देना होगा तो नहीं... अभी इस्तीफा नहीं दूंगी. मैं ये कहना चाहती हूं कि हम चुनाव नहीं हारे हैं."

उन्होंने पश्चिम बंगाल में अपनी पार्टी की हार के लिए चुनाव आयोग को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग मुख्य विलेन है. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट