ताजा खबर

सूने मकान से 50 लाख के जेवर-नगदी चोरी
05-May-2026 5:31 PM
सूने मकान से 50 लाख के जेवर-नगदी चोरी

 शादी में गया था परिवार
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
भिलाई नगर, 5 मई।
दुर्ग जिले के सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर पश्चिम की एक पॉश कॉलोनी में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवर व नगदी लेकर फरार हो गए। घटना उस वक्त हुई, जब पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल होने गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़त व्यवसायी विनय कुमार अग्रवाल नेहरू नगर पश्चिम में किराए के मकान में रहते हैं। सोमवार को वे अपने परिवार के साथ आम्रपाली सोसायटी में एक पारिवारिक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। दोपहर करीब 12.30 बजे घर में ताला लगाकर पूरा परिवार निकला था।

कल रात करीब 2 बजे जब परिवार वापस लौटा, तो उनके होश उड़ गए। घर का मुख्य दरवाजा खुला हुआ था और ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर देखा कि अलमारियां टूटी हुई थीं और सारा सामान कमरे में बिखरा पड़ा था।

लॉकर से निकाले थे जेवर, चोरों ने हाथ साफ किया

प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि घर से करीब 1.5 लाख रुपये कैश और 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवर चोरी हुए हैं।

बताया जा रहा है कि शादी में पहनने के लिए परिवार ने हाल ही में बैंक लॉकर से जेवर निकालकर घर में रखे थे। चोरों ने इसी का फायदा उठाया और वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस और फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस का मानना है कि चोरों ने घटना से पहले घर की रेकी की होगी। उन्हें यह पता था कि परिवार घर से बाहर गया हुआ है और घर में कीमती सामान मौजूद है।
 


अन्य पोस्ट