ताजा खबर

स्वच्छ भारत और स्मार्ट सिटी मिशन की प्रगति का तोखन साहू करेंगे जमीनी निरीक्षण
05-May-2026 12:26 PM
स्वच्छ भारत और स्मार्ट सिटी मिशन की प्रगति का तोखन साहू करेंगे जमीनी निरीक्षण

बैठक में लंबित मुद्दों के त्वरित समाधान पर जोर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

नई दिल्ली, 5 मई। केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने सोमवार को नई दिल्ली में उच्च स्तरीय बैठक लेकर स्वच्छ भारत मिशन और स्मार्ट सिटीज मिशन की प्रगति का विस्तृत आकलन किया। बैठक में संयुक्त सचिव रूपा मिश्रा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक के दौरान दोनों प्रमुख योजनाओं के तहत अब तक हुए कार्यों, हासिल उपलब्धियों और निर्धारित लक्ष्यों की समीक्षा की गई। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों और राज्यों स्तर पर लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। मंत्री ने निर्देश दिया कि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए, ताकि परियोजनाओं की गति बनी रहे और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित हो सके।

स्वच्छ भारत मिशन के तहत अधिकारियों ने जानकारी दी कि शहरी क्षेत्रों में 2,400 से अधिक पुराने कचरा स्थलों पर करीब 169 मिलियन मीट्रिक टन कचरे का निपटान किया जा चुका है। देश में उत्पन्न कुल ठोस कचरे का लगभग 81.6 प्रतिशत अब प्रोसेस किया जा रहा है। वहीं 98 हजार 164 वार्डों में से 97 प्रतिशत में घर-घर कचरा संग्रहण की व्यवस्था लागू हो चुकी है और 89 प्रतिशत वार्डों में कचरे का स्रोत पर पृथक्करण भी सुनिश्चित किया गया है।

स्मार्ट सिटीज मिशन के तहत भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। देश के 100 स्मार्ट शहरों में अब तक 7 हजार 793 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं, जिन पर लगभग 1 लाख 56 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। इन परियोजनाओं से शहरी बुनियादी ढांचे, सेवाओं की गुणवत्ता और नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार देखा गया है।

बैठक में मंत्री साहू ने आने वाले हफ्तों में 7–8 राज्यों के विभिन्न शहरों में फील्ड निरीक्षण करने की योजना भी साझा की। इन दौरों के जरिए राज्य सरकारों, शहरी निकायों और अन्य हितधारकों से सीधा संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन कर चुनौतियों का मौके पर समाधान किया जा सके।


अन्य पोस्ट