ताजा खबर
पुलिस ने 69 बच्चों और 579 वयस्कों को खोजकर परिवारों से मिलाया
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 5 मई। बिलासपुर पुलिस ने अप्रैल 2026 में चलाए गए विशेष अभियान ऑपरेशन मुस्कान और ऑपरेशन तलाश के तहत उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। एक महीने के भीतर पुलिस ने 69 लापता बच्चों और 579 वयस्कों को खोजकर उनके परिजनों से मिलाया, जिससे सैकड़ों परिवारों में खुशियां लौटीं।
पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर के निर्देश पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में यह अभियान चलाया गया था। बिलासपुर जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के मार्गदर्शन में इस अभियान को प्राथमिकता देते हुए गंभीरता से क्रियान्वित किया गया।
अभियान के दौरान जिले में लंबित सभी गुमशुदगी मामलों की गहन समीक्षा की गई। अधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि हर मामले की संवेदनशीलता के साथ जांच कर शीघ्रता से लापता व्यक्तियों का पता लगाया जाए। इसके लिए तकनीकी संसाधनों और खुफिया तंत्र को मजबूत किया गया, जिससे कई मामलों में अहम सुराग मिले।
हर थाना स्तर पर विशेष टीमें गठित कर उन्हें राज्य के विभिन्न जिलों और अन्य राज्यों में भेजा गया। इसके परिणामस्वरूप महाराष्ट्र से 2 और ओडिशा से एक बालिका को बरामद किया गया, जबकि राज्य के भीतर से 66 बच्चे और 579 वयस्कों को सुरक्षित ढूंढ निकाला गया।
आंकड़ों के अनुसार, ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत 11 बालक और 58 बालिकाएं, यानि कुल 69 बच्चे बरामद किए गए। वहीं ऑपरेशन तलाश’ के तहत 430 महिलाएं और 149 पुरुष, कुल 579 वयस्क पुलिस को मिले।
इस अभियान की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि बिछड़े हुए लोग अपने परिवारों से फिर से मिल सके। कई परिवारों ने बिलासपुर पुलिस के इस प्रयास के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
एसएसपी सिंह ने इस सफलता के लिए जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और जांच अधिकारियों की सराहना की।
गौरतलब है कि इस अभियान में बिलासपुर जिले ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत 69 बच्चों की बरामदगी के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया, जबकि ऑपरेशन तलाश में 579 वयस्कों की खोज के साथ दूसरा स्थान हासिल किया है।


