ताजा खबर

यूएई में हुए हमले में तीन भारतीय घायल, भारत के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?
05-May-2026 11:43 AM
यूएई में हुए हमले में तीन भारतीय घायल, भारत के विदेश मंत्रालय ने क्या कहा?

भारत ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फ़ुजैराह में हुए हमले को 'अस्वीकार्य' करार दिया है और ऐसे हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है.

भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि इस हमले में तीन भारतीय नागरिक भी घायल हुए हैं.

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, "फ़ुजैराह में हुए हमले में तीन भारतीय नागरिक घायल हुए हैं, यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है. हम मांग करते हैं कि तुरंत इन हमलों को रोका जाए और आम लोगों व उनकी ज़रूरी सुविधाओं को निशाना बनाना बंद किया जाए."

उन्होंने कहा, "भारत हमेशा बातचीत और कूटनीति का समर्थन करता है ताकि हालात को संभाला जा सके और पूरे पश्चिम एशिया में शांति और स्थिरता वापस लाई जा सके."

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा, "अंतरराष्ट्रीय क़ानून के अनुसार होर्मुज़ स्ट्रेट से जहाज़ों और व्यापार का रास्ता बग़ैर किसी रुकावट के खुला रहना चाहिए. भारत हर उस कोशिश में मदद करने के लिए तैयार है जो मुद्दों का शांतिपूर्ण हल निकालने के लिए की जाए."

उल्लेखनीय है कि इससे पहले यूएई के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया था कि 4 मई को उसके डिफ़ेंस सिस्टम ने ईरान की ओर से दागीं गईं कई मिसाइलों को रोका है. इस दौरान तीन लोगों के घायल होने की बात भी कही गई. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट