ताजा खबर
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाक़ात करेंगे. वह आम आदमी पार्टी के विधायकों के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं.
राष्ट्रपति से मुलाक़ात में सीएम भगवंत मान आप के सात राज्यसभा सांसदों के बीजेपी में शामिल होने पर 'ग़ैरक़ानूनी दलबदल' का मुद्दा उठाएंगे.
भगवंत मान ने मीडिया से बातचीत में कहा था, "मुझे लगता है कि राष्ट्रपति हमारी बात सुनेंगी. राष्ट्रपति संविधान की संरक्षक हैं, वह देश की संवैधानिक प्रमुख हैं."
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने तंज कसते हुए कहा, "मुझे इस मामले की जानकारी नहीं है. लेकिन इतना ज़रूर है कि भगवंत मान को अपने सभी विधायकों पर कड़ी नज़र रखनी चाहिए. कहीं वे भाजपा कार्यालय पहुंचकर मोदी जी के जश्न में शामिल न हो जाएं."
गौरतलब है कि 24 अप्रैल 2026 को राघव चड्ढा सहित आम आदमी पार्टी के 7 राज्यसभा सांसद पार्टी छोड़कर बीजेपी में शामिल हो गए थे, इसे राज्यसभा सभापति ने मंज़ूरी भी दे दी थी.
लेकिन आप नेताओं का कहना है कि इन सांसदों पर दलबदल क़ानून लागू होना चाहिए और इनकी सदस्यता जानी चाहिए. (bbc.com/hindi)


