ताजा खबर

जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षक से मारपीट, पहचान पत्र फाड़ा, गिरफ्तार
04-May-2026 5:38 PM
जनगणना ड्यूटी के दौरान शिक्षक से मारपीट, पहचान पत्र फाड़ा, गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 4 मई। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र अंतर्गत घोघरा गांव में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय माध्यमिक शाला उड़नताल में पदस्थ शिक्षक नेताराम पैकरा शनिवार सुबह करीब 10 बजे जनगणना कार्य के सिलसिले में गांव पहुंचे थे। इसी दौरान मकान नंबर 141 के पास एक युवक ने उनसे विवाद शुरू कर दिया। युवक ने पहले उनकी पहचान और गांव में आने का कारण पूछा। शिक्षक द्वारा जनगणना कार्य की जानकारी देने और पहचान पत्र दिखाने के बावजूद युवक संतुष्ट नहीं हुआ।

आरोप है कि युवक आरोपी निर्मल कांत ने शिक्षक के साथ दुर्व्यवहार करते हुए उनके पहचान पत्र को फाड़ दिया और मारपीट की। स्थिति यहीं नहीं थमी, बल्कि जब शिक्षक पंचायत भवन पहुंचे, तब आरोपी वहां भी पहुंच गया और सरपंच की मौजूदगी में शिक्षक की कॉलर पकड़कर धमकाने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

घटना के बाद जब शिक्षक वहां से दगौरी के लिए निकले, तो आरोपी उनका पीछा करते हुए चुराघाट तक पहुंच गया, जिससे शिक्षक भयभीत हो गए। इसके बाद शिक्षक ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी और थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बिल्हा पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी निर्मल कांत (31), निवासी घोघरा, को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 132, 221 और 121(1) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।


अन्य पोस्ट