ताजा खबर
'छत्तीसगढ़' की पवन साय से चर्चा
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
रायपुर, 4 मई। पश्चिम बंगाल में मतगणना चल रही है। भाजपा बढ़त बनाए हुए हैं, और टीएमसी कांटे की टक्कर दे रही है। इन सबके बीच छत्तीसगढ़ भाजपा के बड़े नेता कोलकाता और अन्य जिलों में डेरा डाले हुए हैं। बंगाल में संगठन की कमान संभालने वाले प्रदेश महामंत्री (संगठन) पवन साय ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी।
पवन साय पिछले 5 महीने से बंगाल में डेरा डाले हुए हैं। वो 56 विधानसभा सीटों में पार्टी संगठन की कमान संभाल रहे थे। साय वहां रहकर मतगणना पर नजर बनाए हुए हैं। 'छत्तीसगढ़' से अनौपचारिक चर्चा में पवन साय ने कहा कि अभी दो-तीन राउंड की गिनती ही हुई है। कई इलाकों से स्पष्ट रूझान आना अभी बाकी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह कार्यकर्ताओं ने मेहनत की है, उससे उम्मीद है कि बंगाल में इस बार भाजपा की सरकार बनेगी।
पवन साय की अगुवाई में सरकार के मंत्री, आधा दर्जन विधायक और निगम मंडल के पदाधिकारी पिछले दो-तीन महीने से वहां डटे हुए थे, और एक-एक विधानसभा की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पार्टी के कई नेता अभी भी वहां डटे हुए हैं।
पर्यटन बोर्ड के चेयरमैन नीलू शर्मा ने 'छत्तीसगढ़' से चर्चा में कहा कि बंगाल में परिवर्तन निश्चित है। उन्होंने कहा कि कोलकाता के डेढ़ दर्जन सीटों में एक भी भाजपा के पास नहीं थी लेकिन इस बार ज्यादातर सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।


