ताजा खबर

पश्चिम बंगाल: ऑब्ज़र्वर ने कहा, 'नहीं होगी वोट चोरी, जो नतीजे आने हैं वही आएंगे'
03-May-2026 10:42 PM
पश्चिम बंगाल: ऑब्ज़र्वर ने कहा, 'नहीं होगी वोट चोरी, जो नतीजे आने हैं वही आएंगे'

पश्चिम बंगाल के साथ ही देश की अन्य चार विधानसभाओं के लिए हुए मतदान के बाद वोटों की गिनती सोमवार 4 मई को होनी है.

वोटिंग ख़त्म होने के बाद भी पश्चिम बंगाल में बीजेपी और टीएमसी के बीच खींचतान जारी है. टीएमसी और बीजेपी एक-दूसरे पर चुनावी धांधली का आरोप लगाते रहे हैं.

शनिवार को भी बीजेपी और टीएमसी वोटों की गिनती के लिए सिर्फ़ केंद्र सरकार के कर्मचारियों को नियुक्त करने के मुद्दे पर आमने-सामने रहे. इससे पहले दोनों दलों के बीच स्ट्रॉन्ग रूम को लेकर भी विवाद हुआ था.

रविवार को पश्चिम बंगाल में विशेष मतदाता सूची पर्यवेक्षक सुब्रत गुप्ता ने कहा, "हम पूरी तरह से तैयार हैं. वोटों की चोरी की कोई संभावना नहीं है. वोटों की गिनती में कोई अनियमितता नहीं होगी."

उन्होंने पत्रकारों के सवाल पर कहा, "सुरक्षा के इंतज़ाम पूरे हो चुके हैं. वोटों की गिनती के लिए सभी को ट्रेनिंग दी जा चुकी है. इसमें केंद्र सरकार के कर्मचारी होंगे, और राज्य सरकार के भी कुछ कर्मचारी भी होंगे. जो नतीजे आने हैं, वही आएंगे. वोट चोरी की कोई संभावना नहीं है."

पश्चिम बंगाल की 294 सीटों पर 29 अप्रैल को वोटिंग समाप्त हुई थी लेकिन अब फ़ाल्टा सीट पर 21 मई को दोबारा वोटिंग होगी. इसका मतलब है कि सोमवार को पश्चिम बंगाल की 293 सीटों समेत देश के चार राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश के नतीजे घोषित किए जाएंगे. (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट