ताजा खबर

असम: मतगणना से पहले गुवाहाटी में बीजेपी और कांग्रेस के दफ़्तर में क्या है माहौल
03-May-2026 10:41 PM
असम: मतगणना से पहले गुवाहाटी में बीजेपी और कांग्रेस के दफ़्तर में क्या है माहौल

-प्रेरणा

4 मई यानी सोमवार को देश के जिन चार राज्यों में विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आने वाले हैं उनमें असम भी शामिल है.

कुल 126 विधानसभा सीटों वाले इस राज्य में 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान हुआ था. इसमें रिकॉर्ड 85.96% मतदाताओं ने वोटिंग की थी. तमाम एग्ज़िट पोल इस ओर इशारा कर रहे हैं कि प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बन सकती है.

यहाँ प्रदेश की दो प्रमुख पार्टियों बीजेपी और कांग्रेस के बीच सीधा मुक़ाबला है.

आलीशान इमारत वाले बीजेपी दफ़्तर के चारों तरफ़ हमें पार्टी के नए झंडे लगे मिले. यहाँ बहुत अधिक चहल-पहल तो नहीं थी, लेकिन कार्यकर्ता पार्टी के अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए पोस्टर लगा रहे थे.

हमने यहाँ खड़े कुछ कार्यकर्ताओं से बात की. उनका कहना था कि वो चुनाव के नतीजों को लेकर बहुत कॉन्फ़िडेंट हैं.

पार्टी दफ़्तर में ही हमें गुवाहाटी सिटी से बीजेपी के उम्मीदवार और डिप्लू रंजन सरमा से मुलाक़ात हुई.

उन्होंने कहा, “बीजेपी असम में सबसे बड़े बहुमत से जीतने जा रही है, इसलिए तैयारी भी हमारी गर्मजोशी से है. कल यहाँ बहुत लोग जुटेंगे, आम लोग भी आएँगे क्योंकि पब्लिक ने ही बीजेपी को बनाया है. कल मिठाई, गाने बजाने सबकी व्यवस्था होगी.”

दूसरी तरफ़ कांग्रेस दफ़्तर में हमें सन्नाटा पसरा नज़र आया. इस सन्नाटे को लेकर हमारी बात पार्टी के प्रदेश महासचिव (संगठन) रमन्ना बरुआ से हुई.

उनका कहना था, “शांति नहीं है. सबलोग अपने काम में लगे हुए हैं. हर ज़िले में जहाँ काउंटिंग सेंटर हैं, वहाँ हमारा कैम्प बना हुआ है. एआईसीसी से ऑब्ज़र्वर आए हुए हैं. कल यहाँ कुछ स्क्रीन वगैरह लगेंगे, कार्यकर्ता भी पहुँचेंगे, तो कल चहल-पहल दिखायी देगी.”

उन्होंने कहा, “एग्ज़िट पोल को हम गंभीरता से नहीं लेते, ये केवल हमारा मनोबल तोड़ने के लिए है. हमें भरोसा है कि हम जीतने जा रहे हैं.” (bbc.com/hindi)


अन्य पोस्ट