ताजा खबर

ईंट जोड़ते नजर आए सीएम, पीएम आवास निर्माण में बंटाया हाथ
03-May-2026 8:41 PM
ईंट जोड़ते नजर आए सीएम, पीएम आवास निर्माण में बंटाया हाथ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता 
जशपुर, 3 मई।
सुशासन तिहार के तहत सीएम विष्णु देव अपने गृह जिले जशपुर के भैंसामुड़ा गांव पहुंचे, और प्रधानमंत्री आवास का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने हितग्राहियों, और निर्माण श्रमिकों से चर्चा की।

सीएम ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन मकानों का औचक निरीक्षण किया। गांव से गुजरते समय उनकी नजर हितग्राही श्रीमती अनुसुइया पैंकरा के निर्माणाधीन घर पर पड़ी, जिसके बाद वे तुरंत मौके पर पहुंचे और कार्य का बारीकी से अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान सीएम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता जांची और वहां कार्यरत श्रमिकों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने उनके परिश्रम की सराहना करते हुए कहा कि यही मेहनत प्रदेश के विकास की वास्तविक ताकत है।

इस दौरान सीएम की सादगी और संवेदनशीलता तब दिखी, जब उन्होंने स्वयं करणी उठाकर सीमेंट-गारा से ईंट जोड़ते हुए श्रमदान किया। उन्हें अपने हाथों से काम करते देख ग्रामीण भावुक हो उठे। यह दृश्य जनसेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का सशक्त संदेश बन गया। हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका वर्षों पुराना पक्का घर का सपना अब साकार हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना से उनके परिवार को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर चंदागढ़ के राजमिस्त्री मोहन चक्रेश से भी चर्चा की और उनके रोजगार व पारिवारिक स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान पत्थलगांव क्षेत्र की विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट