ताजा खबर
कांग्रेस नेता ने बनाया दबाव
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर/बलौदाबाजार, 3 मई । बलौदाबाजार जिले में खदान ब्लास्टिंग को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने सिटी कोतवाली में आवेदन देकर मेसर्स अडानी सीमेंट प्रबंधन के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। आरोप है कि लापरवाहीपूर्ण ब्लास्टिंग से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि सुरक्षा नियमों का लगातार उल्लंघन किया जा रहा है।
शिकायत के अनुसार, 2 मई को दोपहर 2 से 3 बजे के बीच बलौदाबाजार-भाटापारा मार्ग पर चूना पत्थर खदान में ब्लास्टिंग की गई। इसी दौरान ग्राम मुड़ियाडीह निवासी झुकुराम गायकवाड़, जो रवान में रह रहे हैं, पेट्रोल पंप पर खड़े थे। तभी ब्लास्टिंग से उड़ा एक बड़ा पत्थर (बोल्डर) उनके जबड़े पर आकर लगा, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
आवेदन में आरोप लगाया गया है कि कंपनी प्रबंधन ने घटना को दबाने की कोशिश की और पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराने के साथ पुलिस में शिकायत न करने का दबाव बनाया।
त्रिवेदी ने अपने आवेदन में कहा है कि मायनिंग एक्ट के तहत ब्लास्टिंग से पहले सायरन बजाना, क्षेत्र खाली कराना और सड़क मार्ग को अस्थायी रूप से बंद करना अनिवार्य है। साथ ही किसी भी घटना की सूचना तत्काल डीजीएमसी और जिला प्रशासन को देना जरूरी होता है, लेकिन इन नियमों का पालन नहीं किया गया।
शिकायत में यह भी उल्लेख है कि खदान क्षेत्र के आसपास बसे गांव—पौंसरी, कुकुरदी, भद्रापाली, मुड़ीपार और रवान के निवासियों के साथ ही बलौदाबाजार-भाटापारा राजमार्ग से गुजरने वाले लोगों की जान जोखिम में है। स्थानीय कॉलोनियों के मकानों को भी नुकसान की आशंका जताई गई है।
आवेदक ने थाना प्रभारी से मांग की है कि अदानी प्रबंधन के जिम्मेदार अधिकारियों शांति रंजन तिर्की और मनोज शंकर सिंगके खिलाफ तत्काल FIR दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जाए और पीड़ित को न्याय दिलाया जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने की मांग भी की गई है।


