ताजा खबर

सैनिटरी इंस्पेक्टर सस्पेंड, बिना रसीद वसूली और दुर्व्यवहार का आरोप
03-May-2026 2:48 PM
 सैनिटरी इंस्पेक्टर सस्पेंड, बिना रसीद वसूली और दुर्व्यवहार का आरोप

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 3 मई। नगर निगम में भ्रष्टाचार और दुर्व्यवहार के आरोपों पर कार्रवाई करते हुए वरिष्ठ सैनिटरी इंस्पेक्टर दीपक कुमार पंकज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई एक दुकानदार की शिकायत और उसके समर्थन में प्रस्तुत सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई।

नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। जांच में सामने आया कि सैनिटरी पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी दीपक पंकज ने न केवल दुकानदार से अभद्र व्यवहार किया, बल्कि बिना रसीद के जुर्माना वसूला और दुकान से सामान भी बिना भुगतान के लिया।
घटना 27 अप्रैल की बताई जा रही है, जब निगम की टीम जोन क्रमांक 6 स्थित मिश्रा किराना स्टोर पहुंची थी। आरोप है कि प्रतिबंधित पॉलिथीन इस्तेमाल करने के नाम पर टीम ने 20 हजार रुपए की मांग की। दुकानदार द्वारा रकम न देने पर उससे 7 हजार रुपए जबरन वसूले गए।

मामले में यह भी सामने आया कि कार्रवाई के दौरान टीम ने दुकान से कोल्ड ड्रिंक बिना भुगतान लिए उठा ली और सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान भी किया। बाद में 28 अप्रैल को दुकानदार को एक दिन पुरानी तारीख में रसीद थमाई गई।
जांच में आरोपों की पुष्टि होने के बाद आयुक्त प्रकाश सर्वे ने सैनिटरी इंस्पेक्टर दीपक कुमार पंकज को दोषी मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की।

मालूम हो कि महापौर पूजा विधानी के पति अशोक विधानी ने कार्रवाई के दौरान फोन करके सफाई निरीक्षक को रोका भी था, पर उसके बाद भी वसूली की गई। बाद में महापौर ने बयान दिया था कि नगर-निगम में भ्रष्टाचार चरम पर है। उन्होंने दोषी कर्मचारियों को निलंबित करने की चेतावनी भी थी। उक्त दुकानदार को भाजपा कार्यकर्ता भी बताया गया है।


अन्य पोस्ट