ताजा खबर

तेज रफ्तार राजधानी बस पलटी, 14 यात्री घायल: 3 की हालत गंभीर
03-May-2026 1:50 PM
तेज रफ्तार राजधानी बस पलटी, 14 यात्री घायल: 3 की हालत गंभीर

जांजगीर-चांपा के करनौद गांव के पास हादसा, ड्राइवर मौके से फरार

जांजगीर-चांपा, 3 मई। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में रविवार सुबह एक तेज रफ्तार यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में 14 यात्री घायल हो गए, जिनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
यह हादसा बिर्रा थाना क्षेत्र के करनौद गांव के पास सुबह करीब 8:30 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक राजधानी ट्रैवल्स की बस कोरबा से सरायपाली जा रही थी। बस में 50 से अधिक यात्री सवार थे, जिनमें कई लोग खड़े होकर यात्रा कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस की रफ्तार करीब 65 किमी प्रति घंटा थी।
बताया जा रहा है कि सामने से आ रही दूसरी बस को रास्ता देने या ओवरटेक करने के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया। बस करीब 50 मीटर तक तीन पहियों पर चलती रही और फिर अचानक सड़क किनारे पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
बस पलटते ही गांव के लोग और राहगीर तुरंत मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने बस की खिड़कियां तोड़कर अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। घायलों को एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, बम्हनीडीह पहुंचाया गया।
डॉक्टरों के अनुसार 14 घायलों में से 3 की हालत गंभीर थी, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जांजगीर भेजा गया है। बाकी यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
सीएसपी योगिताबली खापर्डे ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और फरार बस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट