ताजा खबर

छोटे भाई को बचाने दौड़ा तो चापड़ से गला रेतकर हत्या
03-May-2026 1:45 PM
छोटे भाई को बचाने दौड़ा तो चापड़ से गला रेतकर हत्या

5 आरोपी हिरासत में; गुस्साए लोगों ने थाने का घेराव किया

बिलासपुर, 3 मई। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में शनिवार रात एक मामूली विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया, जब छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। हमलावरों ने युवक के गले पर चापड़ से वार कर उसकी जान ले ली। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
घटना सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गुड़ी मोहल्ले की है। मृतक अभिषेक यादव (22) बीए सेकंड ईयर का छात्र था। शनिवार रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक में उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। पहले कहासुनी हुई, फिर मामला मारपीट तक पहुंच गया। करीब पांच युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया। एक आरोपी ने चापड़ से उसके गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक मौके पर ही गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
हमले के बाद ओमप्रकाश अपनी जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए पुलिस चौकी तक पहुंच गए, लेकिन वह किसी तरह चौकी में घुसकर बच गया। इधर, परिजन और स्थानीय लोग अभिषेक को तत्काल अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। करीब 50 से 60 लोग थाने पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए घेराव किया। स्थिति को देखते हुए पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को शांत कराया।
पुलिस ने पांच युवकों को हिरासत में लिया है। सभी आरोपी सीपत क्षेत्र के सेलर गांव के बताए जा रहे हैं। सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्या के अनुसार, बीच-बचाव के दौरान युवक की हत्या हुई है। मामला दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।


अन्य पोस्ट