ताजा खबर
-मोहम्मद सरताज आलम
झारखंड के धनबाद में भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) की मुनीडीह वाशरी में शुक्रवार की शाम कोयले के कचरे में फंसने से चार मज़दूरों की मौत हो गई.
घटना की पुष्टि बीसीसीएल के टेक्निकल डायरेक्टर संजय सिंह ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से की है.
राष्ट्रीय कोइलरी मज़दूर यूनियन के महामंत्री एके झा ने बताया कि हादसे में कई अन्य मज़दूरों के फंसे होने की आशंका है.
हादसे के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार गीले कोयले का कचरा जिसे स्लेरी कहते हैं, लोडिंग के समय उस स्लेरी का ढेर अचानक भरभरा कर नीचे आ गिरा.
इस दौरान लोड करने वाले मज़दूर स्लेरी में दब गए, जिससे प्रेम बाउरी, मानिक बाउरी, दिनेश बाउरी और हेमलाल मेहरा की मौत हो गई है.
बीसीसीएल के टेक्निकल डायरेक्टर संजय सिंह ने बताया कि सभी असंगठित मज़दूर हैं, जिनके मुआवजे़ की बात चल रही है.
लेकिन राष्ट्रीय कोइलरी मज़दूर यूनियन के महामंत्री एके झा ने कहा कि "हमारी मांग है कि हर मृतक परिवार को 40 लाख रुपये मुआवज़ा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए." (bbc.com/hindi)


