ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
रायपुर, 2 मई। जनगणना के पहले चरण में मकानसूचीकरण एवं हाउस लिस्टिंग का कार्य शुक्रवार से छत्तीसगढ़ में शुरू हो गया। राज्यभर में 51,300 प्रगणक और 9,000 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं, जो 30 मई तक घर-घर जाकर आंकड़े जुटाएंगे।
पहले ही दिन बस्तर जिले के तोकापाल तहसील के दुर्गम गांव गाटम में पूरा सर्वे कार्य संपन्न कर लिया गया, जिसे प्रशासन ने उत्कृष्ट उदाहरण बताया है। इससे परे रायपुर नगर निगम क्षेत्र में ड्यूटी से अनुपस्थित 44 कर्मचारियों को नोटिस जारी कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जा रही है, जिसमें मोबाइल ऐप के जरिए 33 बिंदुओं की जानकारी ली जा रही है। 16 से 30 अप्रैल तक चले स्व-गणना अभियान में राज्य के 1.49 लाख से अधिक परिवारों ने खुद अपनी जानकारी दर्ज कराई।
निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि नागरिकों की सभी जानकारियां जनगणना अधिनियम 1948 के तहत पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और इनका उपयोग केवल नीति निर्माण और जनकल्याणकारी योजनाओं के लिए किया जाएगा।


