ताजा खबर
15 दिनों से दोस्त के साथ रह रहा था
'छत्तीसगढ़' संवाददाता
महासमुंद, 2 मई। बिलासपुर के तखतपुर के हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र में आज सुबह नहर किनारे महासमुंद निवासी एक युवक की संदिग्ध अवस्था में लाश मिली है। पता चला है कि मृतक पिछले कुछ दिनों से अपने मित्र के पास तखतपुर में रुका हुआ था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
कोतवाली से मिली जानकारी अनुसार महासमुंद कुर्मी पारा निवासी हरिशंकर वैष्णव करीब 15 दिन पहले तखतपुर गया था। वह वहां शासकीय पॉलिटेक्निक में लैब अटेंडेंट के पद पर कार्यरत अपने मित्र दुष्यंत चंद्राकर के साथ रह रहा था।
पुलिस के अनुसार बीती रात लगभग 8 बजे हरिशंकर और उसके दोस्त के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद के बाद हरिशंकर यह कहकर घर से निकला था कि वह टहलने जा रहा है। लेकिन देर रात तक वह वापस नहीं लौटा। सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने नहर रोड पर उसका शव मिला।
प्रथम दृष्टया पुलिस इसे सड़क दुर्घटना मान रही है। हालांकि रात में दोस्त के साथ हुआ विवाद और शव की स्थिति मामले को संदिग्ध बना रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मृतक के मित्र सहित आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। फोरेंसिक की टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाने में लगा हुआ है।
विवेक पांडेय थाना प्रभारी तखतपुर का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला सड़क हादसे का लग रहा है। लेकिन हम सभी पहलुओ विवाद और संदिग्ध परिस्थितियों की बारीकी से जांच कर रहे हैं। मौत के असली कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगी।


