ताजा खबर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
राजनांदगांव, 2 मई । राजनांदगांव जनपद अध्यक्ष प्रतिमा चंद्राकर के पति पप्पू चंद्राकर और एक कांग्रेसी कार्यकर्ता के बीच हुए विवाद के बाद कोतवाली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के खिलाफ बीती रात को पुलिस थाना में घंटों तनाव की स्थिति बनी रही।
दरअसल भाजपा से जुड़े पप्पू चंद्राकर और पार्रीकला के कांग्रेसी कार्यकर्ता दीपक मानिकपुरी के बीच जमीन सीमांकन के दौरान आपसी बहसबाजी हुई थी। दोनों के बीच कहासुनी को ग्रामीणों की दखल से शांत कराया गया था। इसके बाद पप्पू चंद्राकर ने गाली-गलौच करने की कोतवाली पुलिस से शिकायत की। राजनीतिक दबाव के बाद कोतवाली प्रभारी मिलन सिंह ठाकुर ने दीपक मानिकपुरी को थाना में बिठा दिया।
इस बात की जानकारी लगने के बाद शहर अध्यक्ष जितेन्द्र मुदलियार सीधे कोतवाली में धमक गए। घटना को लेकर कांग्रेसियों में काफी रोष है। मिली जानकारी के अनुसार पार्रीकला गांव में एक जमीन सीमांकन के दौरान किसी बात को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता दीपक मानिकपुरी और पप्पू चंद्राकर के मध्य काफी विवाद हुआ। ग्रामीणों की हस्तक्षेप से मामला हुई निपट गया। बाद में राजनीतिक रसूख दिखाते हुए पप्पू चंद्राकर ने कोतवाली पुलिस से गाली-गलौच करने की शिकायत की। त्वरित कार्रवाई करते दीपक मानिकपुरी को पुलिस थाना लेकर पहुंची।
इस बात की जानकारी मिलने के बाद जितेन्द्र मुदलियार ने थाना प्रभारी मिलन सिंह ठाकुर से चर्चा की। पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते मुदलियार ने पप्पू चंद्राकर के खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की। इधर देर शाम के बाद ग्रामीण और कांग्रेसियों का थाना पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ। शहर अध्यक्ष मुदलियार भी थाना पहुंचे और उन्होनें टीआई ठाकुर पर सत्तारूढ़ दल के इशारें पर काम करने का सीधा आरोप लगाया।
बताया जाता है कि टीआई मुदलियार को चंद्राकर पर कार्रवाई करने के मामले में गोलमोल जवाब दे रहे थे। इसी बीच कांग्रेसियों ने जनपद अध्यक्ष के पति को तुरंत थाना लाने की मांग की। सूत्रों का कहना है कि इसकी जानकारी तुरंत किसी पुलिसकर्मी के जरिए चंद्राकर तक पहुंच गई । पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही वह फरार हो गया। आखिकर पुलिस को ग्रामीणों और कांग्रेसियों के दबाव के सामने झुकना पड़ा।
देर रात को दीपक मानिकपुरी को पुलिस को छोडऩा पड़ा। कोतवाली प्रभारी मिलन सिंह ठाकुर ने कहा कि पार्रीकला गांव का मामला था। जिसमें गाली-गलौच करने पर एक युवक को थाना लाया गया था। इसी बात को लेकर कांग्रेसी थाना पहुंचे थे। विवाद जैसी कोई बात नही है।
शहर अध्यक्ष मुदलियार ने कहा कि पुलिस भाजपा नेताओं को खुश करने पर ज्यादा ध्यान दे रही है। गांव के विवाद को थाना लाने में पुलिस की तत्परता बेहद शर्मनाक है। जबकि जनपद अध्यक्ष के पति पप्पू चंद्राकर ने भी कांग्रेसी कार्यकर्ता से गाली-गलौच की है। उसके खिलाफ शिकायत पर पुलिस कार्रवाई नही कर रही है। ऐसा नही होना चाहिए। पुलिस की कार्यशैली में सीधे तौर पर सत्तारूढ़ दल का प्रभाव दिख रहा है।



