ताजा खबर

पथरी की सर्जरी के बाद आरक्षक की मौत, परिजनों का हंगामा
02-May-2026 12:00 PM
पथरी की सर्जरी के बाद आरक्षक की मौत, परिजनों का हंगामा

श्रीराम केयर हॉस्पिटल पर लापरवाही का आरोप, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 मई। शहर के नेहरू नगर स्थित श्रीराम केयर अस्पताल में इलाज के दौरान सिविल पुलिस के एक आरक्षक की मौत के बाद शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और हंगामा किया। इससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मृतक आरक्षक सत्य कुमार पाटले सरकंडा थाना में पदस्थ थे। वे मूलतः ग्राम परसाही के निवासी थे। पिछले 10 दिनों से किडनी स्टोन की समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती थे। जानकारी के अनुसार गुरुवार को उनके पेट से 10 एमएम का पथरी ऑपरेशन के जरिए निकाला गया था। हालांकि, ऑपरेशन के 24 घंटे के भीतर संक्रमण की शिकायत के चलते उन्हें दोबारा भर्ती करना पड़ा, जहां शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि इलाज के दौरान डॉक्टरों ने लापरवाही बरती और बार-बार दूसरे अस्पताल रेफर करने की मांग के बावजूद ऐसा नहीं किया गया। आरक्षक की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में किया।

मृतक के चाचा एरमसाही के सरपंच मेघनाथ खांडेकर ने बताया कि शुरुआत में डॉक्टरों ने पथरी 7 एमएम बताई थी, लेकिन बाद में 10 एमएम बताकर तत्काल ऑपरेशन की सलाह दी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इलाज के दौरान स्थिति स्पष्ट नहीं रखी गई और कई तरह की शंकाएं बनी रहीं।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार पटेल ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।


अन्य पोस्ट