ताजा खबर

डबल पैसे का लालच देकर 15 लाख की ठगी, वर्षों से फरार कंपनी डायरेक्टर रीवा से गिरफ्तार
02-May-2026 11:59 AM
डबल पैसे का लालच देकर 15 लाख की ठगी, वर्षों से फरार कंपनी डायरेक्टर रीवा से गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 मई। लोगों को पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लाखों की ठगी करने वाले एक आरोपी को बिलासपुर पुलिस ने मध्यप्रदेश के रीवा से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर करीब 15 लाख रुपये की ठगी का आरोप है, जो उसने ग्रामीणों को निवेश के नाम पर फंसाकर की थी।

पुलिस के अनुसार सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में फेकूराम चतुर्वेदी, निवासी करवा (थाना कोटा), ने 18 मार्च 2025 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि वर्ष 2013 से 2016 के बीच आरोपी पंकज कुमार वर्मा ने रीगल भवन एंड इंफ्रास्ट्रक्चर इंडिया लिमिटेड कंपनी का डायरेक्टर बनकर गांव में लोगों को एजेंट नियुक्त किया और निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच दिया।

आरोपी ने ग्रामीणों से रकम इकट्ठा कर उसे करबला रोड स्थित कार्यालय में जमा कराया। इस तरह कई लोगों से करीब 15 लाख रुपये वसूलने के बाद उसने अचानक कार्यालय बंद कर दिया और फरार हो गया। पीड़ितों को जब ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले में पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत अपराध दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।   तकनीकी साक्ष्य और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने रीवा जिले के चोरहटा थाना क्षेत्र स्थित टिकिया गांव में दबिश दी, जहां से आरोपी पंकज कुमार वर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

 


अन्य पोस्ट