ताजा खबर

एसईसीएल मुख्यालय में खनिक दिवस, सीएमडी ने श्रमिकों को बताया- ऊर्जा का प्रहरी
02-May-2026 11:55 AM
एसईसीएल मुख्यालय में खनिक दिवस, सीएमडी ने श्रमिकों को बताया- ऊर्जा का प्रहरी

उत्कृष्ट कर्मियों को दिए गए पुरस्कार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बिलासपुर, 2 मई। दक्षिण पूर्व कोलफील्ड्स लिमिटेड, एसईसीएल मुख्यालय के सभागार में 1 मई को खनिक दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एवं अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन सहित निदेशक मंडल, विभिन्न ट्रेड यूनियनों के प्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में अतिथि उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गान से हुई, जिसके बाद दीप प्रज्वलन और वंदे मातरम् के साथ कार्यक्रम आगे बढ़ा। शहीद खनिकों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि खनिक केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा के प्रहरी हैं। उन्होंने कहा कि खदानों की गहराइयों से ऊर्जा निकालने वाले श्रमिक ही देश को रोशन रखते हैं। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि एसईसीएल की असली पहचान उसके कर्मचारी हैं। चाहे वे खनिक हों, सुपरवाइजर, संविदा श्रमिक या उनके परिवार, सभी इस व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं। दुहन ने कहा कि जब देश सोता है, तब भी खदानों में काम जारी रहता है, इसलिए हर उपलब्धि के पीछे श्रमिकों का पसीना और समर्पण छिपा है।

कार्यक्रम के दौरान विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले क्षेत्रों, खदानों और कर्मियों को सम्मानित किया गया। क्षेत्रीय प्रदर्शन, ओपनकास्ट और अंडरग्राउंड खदानों के साथ-साथ सर्वश्रेष्ठ ऑपरेटर, ड्रिलर और श्रमिकों को पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके अलावा पर्यावरण प्रबंधन, सुरक्षा, मानव संसाधन विकास, जनसंपर्क और नवाचार जैसे क्षेत्रों में भी पुरस्कार दिए गए। महिला समितियों और सामाजिक गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को भी सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर पूर्व निदेशक (कार्मिक) आर.एस. सिंह ने संगठन की प्रगति पर विश्वास जताते हुए सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों ने मजदूर दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रमिक हितों के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम के अंत में सभी विजेताओं को सम्मानित कर आभार प्रदर्शन किया गया।


अन्य पोस्ट