ताजा खबर
बिल्हा ब्लॉक में जिले के सुशासन तिहार का पहला दिन
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बिलासपुर, 2 मई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू हुए ‘सुशासन तिहार’ का जिला स्तरीय कार्यक्रम शुक्रवार को बिल्हा ब्लॉक के हरदीकला में रखा गया। पहले ही दिन आयोजित समाधान शिविर ने सुशासन की अवधारणा को जमीन पर उतारते हुए प्रशासन और जनता के बीच सीधे संवाद का मजबूत संदेश दिया। 10 जून तक चलने वाले इस अभियान के तहत जिलेभर में ऐसे शिविर लगाए जाएंगे।
हरदीकला में आयोजित शिविर में कुल 394 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 380 मांगें और 14 शिकायतें शामिल थीं। खास बात यह रही कि 240 मामलों का मौके पर ही निराकरण कर दिया गया। 19 गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने इस पहल का लाभ उठाया और अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखीं।
मुख्य अतिथि बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि सुशासन तिहार सरकार की एक अभिनव पहल है, जिसका उद्देश्य जनता और प्रशासन के बीच विश्वास को मजबूत करना है। उन्होंने शिविर स्थल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदीकला में शेड निर्माण के लिए 15 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग ने 129 लोगों की जांच कर दवाएं वितरित कीं। विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ दिया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण पत्र, मनरेगा जॉब कार्ड, श्रम विभाग की सहायता राशि, उज्ज्वला योजना के लाभ, किसान क्रेडिट कार्ड ऋण, राशन कार्ड और छात्र-छात्राओं को ‘विद्या आरंभ’ प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और हर समस्या का समय-सीमा में निराकरण हो।


