ताजा खबर

उचित मूल्य दुकान संचालकों का राज्य स्तरीय सम्मेलन, उपमुख्यमंत्री ने मांगे पूरी करने का दिया भरोसा
02-May-2026 11:48 AM
उचित मूल्य दुकान संचालकों का राज्य स्तरीय सम्मेलन, उपमुख्यमंत्री ने मांगे पूरी करने का दिया भरोसा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

मुंगेली, 2 मई। लोरमी के मानस मंच में शुक्रवार को आयोजित शासकीय उचित मूल्य दुकान विक्रेता एवं संचालक संघ के राज्य स्तरीय सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली को प्रभावी और पारदर्शी बनाने में संघ की भूमिका की सराहना की और उनकी छह प्रमुख मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया। साथ ही संघ के लिए सामुदायिक भवन निर्माण हेतु 15 लाख रुपये की घोषणा भी की।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली सीधे तौर पर आम जनता के जीवन से जुड़ी हुई है। यह व्यवस्था सुनिश्चित करती है कि जरूरतमंदों तक समय पर खाद्यान्न पहुंचे। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था को जमीन पर लागू करने में उचित मूल्य दुकान संचालकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।

साव ने कहा कि संचालक केवल अपना कार्य नहीं कर रहे, बल्कि एक सामाजिक जिम्मेदारी निभा रहे हैं। वे गांवों और शहरों में हजारों परिवारों तक राशन पहुंचाने का काम करते हैं, जिससे सरकारी योजनाओं का लाभ सही पात्रों तक पहुंच पाता है। उन्होंने सभी संचालकों की प्रतिबद्धता और मेहनत की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान संघ द्वारा प्रस्तुत छह प्रमुख मांगों को लेकर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन पर गंभीरता से चर्चा की जाएगी और व्यावहारिक समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार संचालकों की समस्याओं को समझती है और उनके हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

इस सम्मेलन में बड़ी संख्या में प्रदेशभर से आए संचालकों और पदाधिकारियों ने भाग लिया।


अन्य पोस्ट