ताजा खबर

एयरपोर्ट विस्तार की मांग पर बड़ी संख्या में लोगों ने किया श्रमदान
01-May-2026 6:56 PM
एयरपोर्ट विस्तार की मांग पर बड़ी संख्या में लोगों ने किया श्रमदान

संघर्ष समिति ने लगाया रायपुर लॉबी के दबाव में काम करने का आरोप

बिलासपुर, 1 मई। मजदूर दिवस के मौके पर हवाई सुविधा जन संघर्ष समिति के आह्वान पर चकरभाठा स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के रनवे विस्तार के लिए आयोजित श्रमदान कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया। भीषण गर्मी के बावजूद उमड़ी भीड़ ने यह संदेश देने का प्रयास किया कि यह मुद्दा बिलासपुर की पहचान और स्वाभिमान से जुड़ा है।

कार्यक्रम के तहत 20-25 वाहनों के काफिले के साथ नागरिक तेलसरा पहुंचे और प्रस्तावित विस्तार क्षेत्र में प्रतीकात्मक श्रमदान किया। जमीन की सीमांकन प्रक्रिया पूरी कर फावड़े-गैंती चलाकर लोगों ने अपनी सहभागिता दर्ज कराई। समिति का कहना है कि जनवरी में रक्षा मंत्रालय की 290 एकड़ जमीन वापस मिलने के बाद भी रनवे विस्तार के लिए अब तक न तो बजट स्वीकृत हुआ है और न ही कोई ठोस घोषणा की गई है।

चकरभाठा एयरपोर्ट चौक पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने राज्य सरकार पर रायपुर केंद्रित लॉबी के दबाव में काम करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि बिलासपुर के विकास से रायपुर की स्थिति प्रभावित होने की आशंका के चलते यहां के प्रोजेक्ट्स को जानबूझकर रोका जा रहा है। उन्होंने रेलवे जोन, हाईकोर्ट और अन्य संस्थानों को लेकर पहले हुए विवादों का भी उल्लेख किया।

समिति के सदस्यों ने बताया कि देश में संचालित अधिकांश एयरबस और बोइंग विमानों के लिए कम से कम 2200 मीटर रनवे जरूरी है, जबकि बिलासपुर एयरपोर्ट का रनवे वर्तमान में केवल 1490 मीटर है। यहां तक कि एटीआर विमान भी गर्मी के मौसम में पूरी क्षमता के साथ उड़ान नहीं भर पाते और 70 की जगह केवल 50-55 यात्रियों को ही ले जा सकते हैं। यह स्थिति तब है जब अंबिकापुर और जगदलपुर के एयरपोर्ट का रनवे इससे लंबा है।

समिति के अनुसार पहले चरण में रनवे को 2200 मीटर तक और बाद में 2885 मीटर तक बढ़ाने की योजना है। जमीन की समस्या अब समाप्त हो चुकी है, ऐसे में देरी का कोई औचित्य नहीं है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, ट्रक यूनियन, रेलवे कर्मियों और निषाद समाज के सदस्यों सहित बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। संघर्ष समिति के ओर से भी सुदीप श्रीवास्तव, पूर्व महापौर रामशरण यादव, कांग्रेस नेता विजय पांडेय, अभय नारायण राय, राघवेंद्र सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी रही।


अन्य पोस्ट