ताजा खबर

रेलवे स्टेशन के सामने ट्रॉली बैग में मिला गौमांस, मां-बेटी गिरफ्तार
01-May-2026 1:14 PM
रेलवे स्टेशन के सामने ट्रॉली बैग में मिला गौमांस, मां-बेटी गिरफ्तार

'छत्तीसगढ़' संवाददाता

बिलासपुर, 1 मई। रेलवे स्टेशन के सामने गुरुवार रात तोरवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रॉली बैग में गौमांस ले जा रही मां-बेटी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी मगरपारा क्षेत्र की रहने वाली बताई जा रही हैं। पुलिस को इस मामले में किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका होने का संदेह है।

पुलिस के अनुसार, रात में पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो महिलाएं संदिग्ध स्थिति में ट्रॉली बैग लेकर स्टेशन से बाहर निकल रही हैं। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रजनीश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे और रेलवे स्टेशन के सामने घेराबंदी कर दोनों महिलाओं को रोक लिया।

पूछताछ में महिलाओं ने अपने नाम रेहाना परवीन बानो (47) और अलीजा रजा (20) बताया। जब पुलिस ने ट्रॉली बैग की तलाशी ली, तो उसके भीतर पॉलिथीन में करीब 10 किलो कच्चा गौमांस बरामद हुआ। मौके पर मौजूद गवाहों ने भी बरामद सामग्री की पुष्टि की।

जांच के दौरान महिलाओं के पास मांस रखने या परिवहन से जुड़े कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक पूछताछ में दोनों महिलाओं ने बताया कि वे रायपुर से बिलासपुर आई हैं, लेकिन गौमांस कहां से लाया गया, इस बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे सकीं। इसी आधार पर पुलिस को शक है कि दोनों का इस्तेमाल किसी गिरोह द्वारा सप्लाई या कूरियर के रूप में किया जा रहा था।


अन्य पोस्ट