ताजा खबर
अंडमान और निकोबार की यात्रा पर गए, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को मीडिया से बात करते हुए ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट पर निशाना साधा था.
राहुल गांधी ने कहा,“आपकी ज़मीन आपसे छीनी जा रही है और इसे गौतम अदानी और दूसरे बड़े बिज़नेसमैन को दिया जा रहा है. वहां फॉरेस्ट राइट्स एक्ट लागू नहीं हो रहा है."
उन्होंने आगे कहा, " यहां बसने वाले लोगों और आदिवासी समुदायों को उचित मुआवज़ा नहीं मिल रहा है और चुपचाप भारत की विरासत छीनी जा रही है."
राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने प्रतिक्रिया दी है.
बीजेपी का जवाब
बीजेपी ने एक्स पर लिखा, "ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट सिर्फ एक इंफ्रास्ट्रक्चर योजना नहीं, बल्कि भारत के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है. यह प्रोजेक्ट न सिर्फ अंडमान-निकोबार को वैश्विक मानचित्र पर नई पहचान देगा, बल्कि देश की सुरक्षा, व्यापार और विकास को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा."
"लेकिन कांग्रेस ने कभी ऐसी दूरदर्शी सोच नहीं दिखाई, और राहुल गांधी तो यहां विदेशी एजेंट के रूप में इस प्रोजेक्ट को रोकने के लिए आए थे. जबकि मोदी जी के नेतृत्व में ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट एक संदेश है- मजबूत और विकसित भारत का."
बुधवार को पत्रकारों से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा था कि वो ग्रेट निकोबार प्रोजेक्ट के बारे में देश के लोगों को बताएंगे.
उन्होंने कहा, "देश के लोगों को बताएंगे कि यहां क्या हो रहा है, और अंडमान-निकोबार के लोगों की रक्षा करने की कोशिश करेंगे. यहां अंडमान में पानी की समस्या है और उपराज्यपाल की ओर से भ्रष्टाचार भी है. वे किसी राजा की तरह हैं; जो चाहते हैं वही करते हैं. " (bbc.com/hindi)


